New Maruti Suzuki Alto K10 Xtra Edition: मारुति सुजुकी ने हाल में नई ऑल्टो के10 एक्सट्रा एडिशन से पर्दा हटा लिया है जिसकी कीमत का ऐलान आने वाले कुछ हफ्तों में किया जा सकता है. स्टैंडर्ड मॉडल ऑल्टो के10 के मुकाबले नए एक्स्ट्रा एडिशन के अंदर और बाहर कॉस्मैटिक अपडेट्स दिए गए हैं. भारतीय ग्राहकों द्वारा ये किफायती कार बेहद पसंद की जाती रही है और करीब 2 दशकों से ये मॉडल भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल है.
बाहर से कितनी बदली नई Alto
नई मारुति ऑल्टो के10 एक्सट्रा एडिशन को कंट्रास्ट कलर वाले पेपरिका ऑरेंज हाइलाइट्स दिए गए हैं जो अगली और पिछली स्किड प्लेट्स, ओआरवीएम, व्हील आर्च क्लैडिंग और अपर स्पॉइलर पर नजर आती है. नए मॉडल को पहले जैसी बड़ी ग्रिल, स्वेप्टबैक हेडलैंप्स, स्टील व्हील्स के साथ सिल्वर व्हील कवर्स और हेलोजन टेललाइट्स शामिल हैं.
केबिन और इंजन की जानकारी
नई ऑल्टो के10 एक्स्ट्रा एडिशन का ऑरेंज स्टाइल किट कार के डोर हैंडल्स पर भी नजर आता है. इसके अलावा 7-इंच स्मार्टप्ले प्रो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टीयंरिंग पर कंट्रोल्स, डुअल एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, रियर पार्किंग सेंसर्स, स्पीड अलर्ट सिस्टम और सीटबेल्ट रिमाइंडर जैसे फीचर्स भी यहां मिले हैं. मारुति सुजुकी ऑल्टो के10 एक्स्ट्रा एडिशन को 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिला है जो 66 बीएचपी ताकत और 89 एनएम पीक टॉर्क बनाता है. कंपनी ने इंजन को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉॅक्स दिया है.
