ऑटो न्यूज़

हर 5 से 10 Km में एक EV चार्जर लगाना हमारा टार्गेट, ऐसा हुआ तो छा जाएगी Maruti

Maruti Suzuki Charging Network: इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग ईकोसिस्टम को लेकर मारुति सुजुकी के एमडी और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा, पहले पड़ाव में हम देश के 100 शहरों में ग्राहकों को चार्जिंग सपोर्ट देने के लिए नेटवर्क तैयार करेंगे। इसके बाद बाकी शहरों में इसका विस्तार होगा।

Image

आइडिया ये है कि ग्राहकों को हर 5 से 10 किमी पर एक चार्जिंग स्टेशन मुहैया कराया जाए। - Maruti Suzuki

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • हर 5-10 किमी में हो ईवी चार्जर
  • मारुति सुजुकी का जोरदार प्लान
  • 100 शहरों में जल्द मिलेगी सर्विस

Maruti Suzuki Charging Network: भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में मारुति सुजुकी ने ब्रांड की पहली इलेक्ट्रिक कार ई विटारा पेश की है। कंपनी ने 22 जनवरी को संपन्न हुए ऑटो एक्सपो 2025 में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का डेब्यू किया है जिसे मार्च 2025 तक लॉन्च किया जाएगा। इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग ईकोसिस्टम को लेकर मारुति सुजुकी के एमडी और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने कहा, पहले पड़ाव में हम देश के 100 शहरों में ग्राहकों को चार्जिंग सपोर्ट देने के लिए नेटवर्क तैयार करेंगे। इसके बाद बाकी शहरों में इसका विस्तार होगा। आइडिया ये है कि ग्राहकों को इन शहरों में हर 5 से 10 किमी पर एक चार्जिंग स्टेशन मुहैया कराया जाए।

वर्कशॉप भी हो रहे तैयार

इलेक्ट्रिक कारों को खरीदने से ग्राहकों की झिझक खत्म हो, इसके लिए मारुति सुजुकी सर्विस वर्कशॉप का नेटवर्क भी मजबूत कर रही है। कंपनी की मानें तो भारत के 1,000 शहरों में 1,500 से भी ज्यादा वर्कशॉप शुरू होंगे जहां ईवी का काम किया जाएगा। ताकेउची ने बताया कि इन ईवी इनेबल सर्विस वर्कशॉप पर खास ट्रेनिंग वाले कर्मचारी काम करेंगे। चार्जिंग से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ा हर सपोर्ट यहां खास तकनीक से होगा। इन सबकी जानकारी देने के लिए एक डेडिकेटेड मोबाइल ऐप तैयार की जा रही है जो ग्राहकों के सभी सवालों का जवाब देगी।

ई विटारा में लगे 2,100 करोड़

सुजुकी ने ई विटारा इलेक्ट्रिक एसयूवी को तैयार करने में 2,100 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस ईवी को भारत में ही बनाया जाएगा और पूरी दुनिया में यहीं से इसका निर्यात किया जाएगा, यानी भारत ग्लोबल हब होगा। मारुति सुजुकी ने फिलहाल इस इलेक्ट्रिक कार को ऑटो एक्सपो में शोकेस किया है, इसके अलावा लॉन्च और कीमत में बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इवेंट में कंपनी की ओर से बातया गया है कि नई ई विटारा नैक्सा रिटेल चेन से बेची जाएगी।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article