Maruti Suzuki March 2026 Discounts: अगर आप भी मार्च 2026 में कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो ये खबर आपका दिल खुश कर सकती है। Maruti Suzuki की ओर से Arena डीलरशिप के जरिए कई पॉपुलर मॉडलों पर आकर्षक ऑफर पेश किए गए हैं। कंपनी इस महीने अपनी कई कारों पर 50,000 रुपए तक के बेनिफिट दे रही है। इन ऑफर्स में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस या स्क्रैपेज बेनिफिट और कॉरपोरेट ऑफर शामिल हैं। ये सभी ऑफर 31 मार्च 2026 तक मान्य हैं और शहर व स्टॉक के अनुसार इनमें बदलाव भी हो सकता है।
Maruti Suzuki Swift मिलेगी सस्ती
सबसे ज्यादा फायदा इस महीने Maruti Suzuki Swift पर मिल रहा है। मार्च 2026 में इस हैचबैक पर ग्राहकों को 50,000 रुपए तक का फायदा मिल रहा है, जो कि Arena लाइन-अप में सबसे ज्यादा है। Swift के AMT वेरिएंट पर 25,000 रुपए तक का कैश डिस्काउंट मिल रहा है। इसके साथ ग्राहक 20,000 रुपए तक का एक्सचेंज बोनस या 25,000 रुपए तक का स्क्रैपेज बेनिफिट चुन सकते हैं। इसके अलावा 5,000 रुपए का कॉरपोरेट ऑफर भी उपलब्ध है। वहीं मैनुअल वेरिएंट पर कैश डिस्काउंट थोड़ा कम यानी करीब 15,000 रुपए तक मिलता है। इस कार की कीमत लगभग 5.79 लाख रुपए से 8.80 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) के बीच है।
Maruti Suzuki Brezza पर भी फायदा
कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में पॉपुलर Maruti Suzuki Brezza पर भी इस महीने अच्छा फायदा दिया जा रहा है। Brezza के लगभग सभी वेरिएंट, बेस LXi को छोड़कर 45,000 रुपए तक के कुल बेनिफिट के साथ उपलब्ध हैं। इसमें 15,000 रुपए तक का कैश डिस्काउंट, 20,000 रुपए तक का एक्सचेंज बोनस या 25,000 रुपए तक का स्क्रैपेज बोनस और 5,000 रुपए का कॉरपोरेट ऑफर शामिल है। हालांकि Brezza के बेस LXi वेरिएंट पर एक्सचेंज बोनस थोड़ा कम यानी करीब 10,000 रुपए तक है। इस SUV की कीमत लगभग 8.26 लाख रुपए से 13.01 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) के बीच है।
Wagon R, Alto K10 और Eeco पर भी ऑफर
इनके अलावा कंपनी ने अन्य मॉडलों पर भी कुछ ऑफर दिए हैं। उदाहरण के लिए Maruti Suzuki Wagon R, Maruti Suzuki Alto K10, Maruti Suzuki Eeco और Maruti Suzuki Celerio पर 42,500 रुपए तक का फायदा मिल रहा है। वहीं Maruti Suzuki S-Presso पर करीब 37,500 रुपए तक का फायदा दिया जा रहा है। दूसरी ओर Maruti Suzuki Ertiga और Maruti Suzuki Dzire पर इस महीने केवल सीमित कॉरपोरेट ऑफर ही उपलब्ध हैं।
