ऑटो न्यूज़

32 KM से भी ज्यादा माइलेज वाली Maruti Suzuki Dzire लॉन्च, कीमत बस इतनी

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Feb 10, 2023, 04:56 PM IST

Maruti Suzuki ने भारत में नई Dzire Tour S लॉन्च कर दी है जिसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 6.51 लाख रुपये है. ये कार पेट्रोल और सीएनजी वेरिएंट में पेश की गई है जिसमें इसके CNG वेरिएंट का दाम 7.36 लाख है.

Image

डिजायर टूर एस के पेट्रोल वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 6.51 लाख रुपये रखी है.

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नई मारुति सुजुकी डिजायर टूर एस
  • 6.51 लाख रुपये है शुरुआती कीमत
  • 32 किमी से ज्यादा माइलेज देती है

Maruti Suzuki Dzire Tour S: मारुति सुजुकी ने नई डिजायर टूर एस भारत में लॉन्च कर दी है जो नई डिजायर फेसलिफ्ट पर आधारित है. कंपनी ने नई कार को दो इंजन विकल्पों में पेश किया है जिनमें पेट्रोल और सीएनजी पावरट्रेन शामिल हैं. कंपनी ने जहां डिजायर टूर एस के पेट्रोल वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 6.51 लाख रुपये रखी है, वहीं कार का सीएनजी वेरिएंट 7.36 लाख रुपये में बेचा जाने वाला है. मारुति सुजुकी ने नई डिजायर टूर एस को कई कॉस्मैटिक बदलावों के साथ देश में खासतौर पर फ्लीट ग्राहकों के लिए लॉन्च किया है.

डिजायर से कितनी अलग है टूर एस

नया टूर एस वेरिएंट भारत में बिक रही मौजूदा डिजायर पर आधारित है जिसके साथ बदली हुई अगली ग्रिल और एलईडी टेललैंप्स मिले हैं. यहां टूर एस बैजिंग भी इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग बनाती है और कंपनी ने तीन रंगों - आर्कटिक व्हाइट, मिडनाइट ब्लैक और सिल्की सिल्वर में नई कार पेश की है. केबिन की बात करें तो अब टिल्ट अडजस्टेबल स्टीयरिंग व्हील, मैनुअल एयर कंडिशनिंग के साथ पोलेन फिल्टर, फ्रंट एक्सेसरी सॉकेट, आइसोफिक्स रियर एंकर्स और स्पीड सेंसिटिव डोर लॉकिंग कार के साथ मिले हैं.

इंजन और सेफ्टी में भी जोरदार

लुक, स्टाइल और डिजाइन के अलावा टूर एस को चौथी पीढ़ी के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है और इसमें जोरदार सेफ्टी फीचर्स भी मिले हैं. इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, एंटीलॉक ब्रेकिंग सिस्टम के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक डिस्ट्रि्रब्यूशन, ब्रेक असिस्ट, स्पीड लिमिटिंग सिस्टम, रिवर्स पार्किंग सेंसर्स और डुअल एयरबैग्स जैसे फीचर्स नई टूर एस को मिले हैं. नई कार के साथ 1.2-लीटर के-सीरीज इंजन मिला है जो 88 बीएचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क बनाता है.

माइलेज कितना देती है टूर एस

मारुति सुजुकी ने टूर एस के सीएनजी वेरिएंट में भी समान इंजन दिया है हालांकि यहां इसकी ताकत घटकर 76 बीएचपी और 98.5 एनएम हो जाती है. दोनों इंजन विकल्पों को सिर्फ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिला है. माइलेज की बात करें तो दावा है कि पेट्रोल वेरिएंट में टूर एस 23.15 किमी/लीटर माइलेज देती है, वहीं सीएनजी वेरिएंट में ये माइलेज बढ़कर 32.12 किमी/किग्रा हो जाता है. ये आंकड़ा मौजूदा मॉडल से 21 प्रतिशत ज्यादा है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article