मारुति सुजुकी ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार लॉन्च कर दी है। इसी के साथ WagonR भारत में कंपनी की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार बन चुकी है। यह लॉन्च विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से ठीक पहले रहा, जिससे स्वच्छ और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की सरकार की कोशिशों को मजबूती मिलेगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी शामिल हुए।
First Flex Fuel Car
कार का इंजन E100 ईंधन पर चलने में सक्षम
First Flex Fuel Car
इस कार का इंजन E100 ईंधन पर चलने में सक्षम होगा। कंपनी का यह लॉन्च भारत में एथेनॉल आधारित ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और पेट्रोल पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कम्प्रेस्ड बायो गैस के क्षेत्र में भी निवेश कर रही कंपनी
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) के सीईओ हिसाशी ताकेउची ने बताया कि कंपनी CBG (कम्प्रेस्ड बायो गैस)के क्षेत्र में भी निवेश कर रही है और इसके लिए कई प्लांट पहले से संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी भविष्य की स्वच्छ और टिकाऊ मोबिलिटी को ध्यान में रखते हुए अन्य वैकल्पिक ईंधन तकनीकों पर भी काम कर रही है। इनमें हाइड्रोजन ईंधन जैसी उन्नत और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकें भी शामिल हैं। कंपनी का उद्देश्य पारंपरिक पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करते हुए ऐसे ईंधन विकल्प विकसित करना है, जो प्रदूषण को कम करें और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाएं।
E20 के मुकाबले कम हो सकती है कीमत
जहां तक कीमत की बात है, सरकार से उम्मीद की जा रही है कि E100 ईंधन की कीमत E20 के मुकाबले काफी कम रखी जाएगी। कीमत में अंतर वाहन चालकों के लिए ईंधन खर्च में बचत बढ़ा सकता है। इसके अलावा, सरकार का मानना है कि E100-E85 जैसे वैकल्पिक ईंधन के बढ़ते इस्तेमाल से देश की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लंबे समय में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। इससे न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है, बल्कि इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
