ऑटो न्यूज़

मारुति बलेनो को पछाड़ इस कार ने मारी बाजी, सिर्फ 6 महीने में बिक्री 75,000 पार

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Nov 7, 2023, 08:51 PM IST

Maruti Suzuki ने मार्केट में करीब 6 महीने पहले नई Fronx लॉन्च की है जिसे ग्राहकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। इस नई कार ने Baleno को बिक्री में पछाड़ा है और 75,000 लोगों ने इसे अपनी नई सवारी बनाया है।

Image

मारुति सुजुकी की बेस्ट सेलर कारों में एक बलेनो हैचबैक को इसने बिक्री के मामले में पीछे छोड़ दिया है।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स की धाकड़ डिमांड
  • 6 महीने में बिक्री पहुंची 75,000 के पार
  • बेस्ट सेलर बलेनो को इसने पछाड़ दिया

Maruti Suzuki Fronx Sales: मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स ने भारतीय मार्केट में अपना दबदबा बना लिया है और ये ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है। कंपनी ने नई फ्रॉन्क्स की अब तक 75,000 से ज्यादा यूनिट बेच ली हैं और ये कारनामा बहुत कम समय में इस कार ने कर दिखाया है। कंपनी ने नई फ्रॉन्क्स एसयूवी की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 7.46 लाख रुपये रखी है जो टॉप मॉडल के लिए 13.14 लाख रुपये तक जाती है। बता दें कि मारुति सुजुकी की बेस्ट सेलर कारों में एक बलेनो हैचबैक को इसने बिक्री के मामले में पीछे छोड़ दिया है।

किराए पर भी घर ला सकते हैं

मारुति सुजुकी ने नई फ्रॉन्क्स एसयूवी के लिए सब्सक्रिप्शन विकल्प भी मुहैया कराया है। मारुति सुजुकी सब्सक्राइब के जरिए ग्राहक बिना एसयूवी को खरीदे मासिक किराए पर घर ला सकते हैं। नई फ्रॉन्क्स एसयूवी के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान 17,378 रुपये मासिक से शुरू होता है जिसमें सभी टैक्स और सर्विस चार्जेस शामिल हैं। इनमें वाहन की कीमत, रजिस्ट्रेशन, मेंटेनेंस, इंश्योरेंस और रोड साइड असिस्टेंस सब शामिल है, आपको बस हर महीने इसका किराया देकर कार इस्तेमाल करते रहना होगा।

सीएनजी मॉडल भी जोरदार

नई मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स का सीएनजी वेरिएंट भी मार्केट में खूब बिक रहा है और इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 8.41 लाख रुपये है। फ्रॉन्क्स के अगले और पिछले हिस्से में एलईडी हेडलैंप्स और टेललैंप्स दिए गए हैं, वहीं क्रिस्टल ब्लॉक पैटर्न के एलईडी डीआरएल काफी आकर्षक लगते हैं। इसके अलावा नेक्सवेव ग्रिल, झुकती हुई छत और पूरी तरह एलईडी कनेक्टेड आरसीएल दिए गए हैं। कुल मिलाकर ये कार कम बजट वाले ग्राहकों के लिए जोरदार विकल्प बनकर उभरी है, यही वजह है कि सिर्फ 6 महीने में ही 75,000 से ज्यादा ग्राहकों ने इसे अपनी नई सवारी बनाया है।

जानदार फीचर्स से लैस एसयूवी

मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स के केबिन में कनेक्टेड कार तकनीक, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जर, 9-इंच एचडी स्मार्टप्ले प्रोप्लस इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो दिए गए हैं। सेफ्टी की बात करें तो यहां 6 एयरबैग्स, 3 पॉइंट ईएलआर सीटबेल्ट, ईएसपी के साथ हिल होल्ड असिस्ट, रोल ओवर मिटिगेशन, एबीएस के साथ ईबीडी और ब्रेक असिस्ट के अलावा आइसोफिक्स चाइल्ड सीट एंकर्स जैसे कई अन्य फीचर्स दिए गए हैं।

कितना दमदार है एसयूवी का इंजन

हुड के अंदर झांकें तो मारुति सुजुकी ने नई फ्रॉन्क्स के साथ दो इंजन विकल्प दिए हैं। इनमें से पहला इंजन 1.0-लीटर के-सीरीज टर्बो बूस्टरजेट है जो स्मार्ट हाइब्र्रिड तकनीक के साथ आता है। मारुति सुजुकी ने इस इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांशमिन के साथ पैडल शिफ्टर्स से लैस किया है। दूसरे नंबर पर 1.2-लीटर के-सीरीज डुअल जेट डुअल वीवीट इंजन आता है जो आइडल स्टार्ट स्टॉप तकनीक के साथ आता है। कंपनी ने कार के इस आधुनिक इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और एजीएस ट्रांसमिशन के साथ आता है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article