महिंद्रा ला रहा तिरंगे से प्रेरित लिमिटेड-एडिशन ट्रैक्टर्स, किसानों के लिए खास होगी पेशकश
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 23, 2026, 10:51 AM IST
Mahindra Tricolour inspired Limited-Edition Tractors: इस गणतंत्र दिवस के अवसर पर महिंद्रा ट्रैक्टर्स की ओर से देश के किसानों के लिए खास तिरंगे से प्रेरित लिमिटेड-एडिशन ट्रैक्टर्स लाए जा रहे हैं। इन ट्रैक्टर्स को मेटैलिक ऑरेंज, एवरेस्ट व्हाइट और मेटैलिक ग्रीन में लाया जा रहा है।
Mahindra Tricolour inspired Limited-Edition Tractors (Photo: mahindra tractor)
Mahindra Tricolour inspired Limited-Edition Tractors: महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश के किसानों के लिए तिरंगे से प्रेरित लिमिटेड-एडिशन ट्रैक्टर्स लॉन्च करने की घोषणा की है। न्यूली लॉन्च ट्रैक्टर्स न केवल देश के प्रति राष्ट्रीय भावना को दर्शाते हैं, बल्कि किसानों के प्रति महिंद्रा की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करते हैं। भारी मेहनत, खेती या ढुलाई के काम के लिए एक नए ट्रैक्टर की जरूरत महसूस हो रही है तो महिंद्रा के इन लिमिटेड एडिशन ट्रैक्टर को खरीदा जा सकता है। आइए जल्दी से इन नए ट्रैक्टर की खूबियों पर एक नजर डाल लेते हैं-
तीन कलर ऑप्शन
कंपनी का यह लिमिटेड-एडिशन ट्रैक्टर Mahindra Yuvo Tech+ 585 DI 4WD मॉडल पर आधारित है। Yuvo Tech+ 585 DI 4WD भारत का एक पॉपुलर नेक्स्ट-जेनरेशन ट्रैक्टर है, जिसे ही कंपनी अब तीन कलर ऑप्शन के साथ किसानों के लिए पेश कर रही है। इस स्पेशल सीरीज को भारतीय तिरंगे के रंगों से प्रेरित आकर्षक रंगों मेटैलिक ऑरेंज, एवरेस्ट व्हाइट और मेटैलिक ग्रीन में पेश किया जा रहा है। ये रंग साहस, शांति और समृद्धि का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो भारत की पहचान और मूल्यों से जुड़े हुए हैं।
लिमिटेड-एडिशन एक्सेसरीज
इस खास एडिशन को और भी खास बनाने के लिए कंपनी की ओर से मेटैलिक ग्रीन वेरिएंट के साथ कुछ लिमिटेड-एडिशन एक्सेसरीज भी ऑफर की जा रही हैं। इनमें रस्सी, जरीकैन और महिंद्रा का झंडा शामिल है, जो किसानों के लिए उपयोगी होने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को भी दर्शाते हैं।
परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह ट्रैक्टर दमदार तकनीकी खूबियों से लैस है। इसमें चार सिलेंडर का पावरफुल इंजन दिया गया है, जो लगभग 45 हॉर्सपावर की ताकत और 215 एनएम टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ ही 2000 किलोग्राम की हाइड्रोलिक लिफ्टिंग क्षमता इसे विभिन्न कृषि उपकरणों के साथ काम करने के लिए खास बनाती हैं। ट्रैक्टर में ड्यूल क्लच, MSPTO, auxiliary valve और 12 फॉरवर्ड व 3 रिवर्स गियर का विकल्प मिलता है, जिससे खेती के अलग-अलग काम आसानी से किए जा सकते हैं।
ट्रैक्टर में 9.5 x 20 इंच के फ्रंट टायर और 14.9 x 28 इंच के रियर टायर दिए गए हैं, जो सूखे और गीले दोनों तरह के खेतों में बेहतर स्थिरता और मजबूत पकड़ सुनिश्चित करते हैं।
कब शुरू होगी बिक्री
कंपनी की ओर से अभी इन ट्रैक्टर्स को लाए जाने की घोषणा की गई है। हालांकि, ट्रैक्टर्स की खरीदारी 26 जनवरी से की जा सकेगी। ट्रैक्टर्स की खरीदारी देश भर में उपलब्ध महिंद्रा ट्रैक्टर्स डीलरशिप से की जा सकेगी। महिंद्रा ट्रैक्टर्स के अनुसार, यह लिमिटेड-एडिशन केवल एक मशीन नहीं, बल्कि किसानों के योगदान को सम्मान देने की एक पहल है। गणतंत्र दिवस के मौके पर पेश किए जा रहे ट्रैक्टर भारत की आत्मनिर्भरता, कृषि शक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक हैं।