Upcoming Cars In August 2024: भारतीय कार मार्केट दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कार मार्केट है। ज्यादा से ज्यादा कार निर्माता कंपनियां इस मार्केट का हिस्सा बनकर अपनी शानदार कारें लॉन्च कर इस मार्केट में अपनी धाक जमाना चाहती हैं। अगस्त 2024 में भारत में धाकड़ फीचर्स वाली कई कारें लॉन्च की जा सकती हैं। जहां लोगों को एक तरफ भारत की ऑफ-रोड किंग मानी जाने वाली महिंद्रा थार के 5 डोर वेरिएंट का इंतजार है, वहीं टाटा कर्व और सिट्रोएन बसाल्ट का इंतजार भी लोग बेसब्री से कर रहे हैं।
महिंद्रा थार 5 डोर: महिंद्रा अपनी दमदार रफ-टफ SUV थार के 5 डोर वेरिएंट को 15 अगस्त को लॉन्च करेगा। यह कार एक 7 सीटर कार हो सकती है और भारत में इस कार का मुकाबला जिम्नी और फोर्स गुरखा से हो सकता है। कार में पहले से ज्यादा बड़ा, 10.25 इंच की टचस्क्रीन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम देखने को मिल सकता है और साथ ही कार में ADAS फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं। इस कार को ‘थार-अर्माडा’ के नाम से लॉन्च किया जा सकता है।

Mahindra Thar 5 Door
होंडा WR-V: होंडा की दमदार 5 सीटर SUV WR-V को भी भारत में अगस्त के महीने में लॉन्च किया जा सकता है। यह कार फिलहाल ग्लोबल मार्केट में मौजूद है। कार के ग्लोबल मॉडल में 1199cc का इंजन देखने को मिलता है। यह कार भारत में 8 से 12 लाख रुपये की शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च की जा सकती है। होंडा की तरफ से भारत में लॉन्च की जाने वाली यह दूसरी SUV होगी।

Honda WR-V
ह्यून्दे पालीसाडे: दक्षिण कोरियाई कार निर्माता कंपनी ह्यून्दे अपनी 7 सीटर दमदार SUV पालीसाडे को अगस्त के दौरान भारत में लॉन्च कर सकती है। कार फिलहाल ग्लोबल मार्केट में मौजूद है और ग्लोबल मॉडल में 3800cc का इंजन देखने को मिलता है जो 287 हॉर्सपावर की ताकत जनरेट कर सकता है। ह्यून्दे द्वारा भारत में लॉन्च की जाने वाली यह दूसरी 7 सीटर कार हो सकती है।

Hyundai Palisade
टाटा कर्व: टाटा कर्व को सबसे पहले 2022 में एक इलेक्ट्रिक कार के रूप में पेश किया गया था। इसके बाद इस कार को 2023 में ऑटो एक्सपो में शोकेस किया गया जिसके बाद से लोग इस कार के लॉन्च होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टाटा कर्व को भारत में इलेक्ट्रिक के साथ ही पेट्रोल और CNG वेरिएंट्स में भी लॉन्च किया जा सकता है। हाल ही में कंपनी ने इस कार का एक वीडियो टीजर भी जारी किया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस कार को भी अगस्त में लॉन्च किया जा सकता है।

Tata Curvv
सिट्रोएन बसाल्ट: फ्रेंच कार निर्माता कंपनी भी अगस्त के महीने में अपनी कूप SUV बसाल्ट को भारत में लॉन्च कर सकती है। सिट्रॉएन इंडिया ने अब तक इसकी कोई तकनीकी जानकारी नहीं दी है, लेकिन हमारा मानना है कि इसका डैशबोर्ड डिजाइन बाकी सिट्रॉएन कारों जैसा ही है। हालांकि इसका केबिन बहुत आरामदायक होने का अनुमान है, वहीं खूब सारे हाइटेक फीचर्स भी इस कार के साथ मिलने वाले हैं। नई सिट्रॉएन बसाल्ट के साथ 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिल सकता है जो सी3 एयरक्रॉस में मिलता है।

Citroen Basalt
