ऑटो न्यूज़

महिंद्रा ने वापस बुलाईं 1.1 लाख XUV700 और XUV400, लिस्ट में कहीं आपकी गाड़ी तो नहीं

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Aug 19, 2023, 12:38 PM IST

Mahindra ने ग्राहकों के बीच पॉपुलर XUV700 और XUV400 इलेक्ट्रिक एसयूवी की 1.1 लाख यूनिट वापस बुलाईं हैं। एक संभावित खराबी के चलते कंपनी ने ये रिकॉल जारी किया है और प्रभावित वाहन मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।

Image

महिंद्रा ने कहा है कि ग्राहकों के वाहनों की जांच और मरम्मत का काम मुफ्त में किया जाएगा।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • महिंद्रा ने वापस बुलाईं 1.1 लाख गाड़ियां
  • XUV700 और XUV400 हुईं रिकॉल
  • कहीं आपकी गाड़ी तो नहीं इस लिस्ट में

Mahindra XUV700 And XUV400 EV Recalled: महिंद्रा एंड महिंद्रा की XUV700 भारतीय ग्राहकों के बीच खूब पसंद की जा रही है। इसके अलावा कुछ समय पहले कंपनी ने XUV400 इलेक्ट्रिक एसयूवी भी मार्केट में लॉन्च की है। अब कंपनी ने इन दोनों कारों की 1.10 लाख यूनिट वापस बुलाई हैं। कंपनी ने बताया कि इंजन के पास वाली वायरिंग में घिसाव से तार कटने की संभावना है जिसे ठीक करने के लिए कारों को रिकॉल किया गया है। महिंद्रा ने कहा है कि ग्राहकों के वाहनों की जांच और मरम्मत का काम मुफ्त में किया जाएगा।

आपकी गाड़ी तो नहीं लिस्ट में?

इस रिकॉल में महिंद्रा XUV700 की कुल 1,08,306 वाहन वापस बुलाई गई हैं जिनका उत्पादन 8 जून 2021 से 28 जून 2023 के बीच किया गया है। इसके अलावा 3,560 यूनिट महिंद्रा XUV400 इलेक्ट्रिक एसयूवी की हैं जिनका उत्पादन 16 फरवरी 2023 से 5 जून 2023 के बीच किया गया है। सभी प्रभावित वाहनों में ब्रेकिंग के चलते संभावित रूप से खराब हुई स्प्रिंग की जांच की जाएगी। महिंद्रा ने कहा है कि प्रभावित वाहन मालिकों से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें रिकॉल की जानकारी निजी तौर पर दी जा रही है।

थार इलेक्ट्रिक से हटा पर्दा

महिंद्रा ने 15 अगस्त को बिल्कुल नई थार इलेक्ट्रिक से पर्दा हटा लिया है जिसे पूरी तरह बदले हुए अंदाज में पेश किया गया है। कंपनी जल्द ही भारत के साथ ग्लोबल मार्केट में कई नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करने वाली है जो एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। महिंद्रा ने नई थार इलेक्ट्रिक को थार.ई नाम से पेश किया है जो बहुत कुछ पोलर भालू जैसी नजर आ रही है। 5 दरवाजों वाली इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को तगड़ा लुक और दमदार बॉडी दी गई है जिससे सड़क पर इसकी मौजूदगी बहुत जोरदार होती है।

देखेंगे तो देखते रह जाएंगे

महिंद्रा थार.ई को धाकड़ स्टाइल और डिजाइन में तैयार किया गया है जो फिलहाल कॉन्सेप्ट है, हालांकि इसका प्रोडक्शन मॉडल भी लगभग ऐसा ही होगा। इसका ग्राउंड क्लियरेंस भी जोरदार है जिससे किसी भी रास्ते पर इसे चलाने में कोई परेशानी नहीं होगी। डब्बे जैसे अपने आकार के चलते ये तगड़ी ऑफरोडर नजर आती है, इसके अलावा एसयूवी के साथ जोरदार पकड़ वाले टायर्स भी लगाए गए हैं। थार.ई नए इनग्लो ईवी प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही है, इसका नाम पी1 है और साइज में ये लगभग मौजूदा महिंद्रा थार जैसी ही होगी।

कितनी होगी कीमत और रेंज

महिंद्रा थार.ई के साथ बीवायडी से ली गई बैटरी लगाई जाएगी और इसे फोक्सवैगन की ज्यादा दमदार इलेक्ट्रिक मोटर से लैस किया जा सकता है। ये दमदार बैटरी पैक 80 किलोवाट-आर क्षमता वाला होने की संभावना है जो करीब 450 किमी प्रति चार्ज रेंज इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को देगा। इसके अलावा छोटे बैटरी पैक के साथ थार.ई की रेंज 325 किमी तक मिलती है। कंपनी थार इलेक्ट्रिक के अलावा 5 अन्य इलेक्ट्रिक कारें भी लॉन्च करने वाली है, अनुमान है कि थार.ई 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत तक भारत आएगी। इसकी कीमत 18-20 लाख रुपये अनुमानित है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article