New Kia Sonet CNG Set To Launch In India: कोरिया की वाहन निर्माता कंपनी किआ जल्द ही भारत में अपनी सबसे सस्ती कार सॉनेट का सीएनजी वेरिएंट लाने की तैयारी कर रही है. अनुमान है कि 2023 की दूसरी तिमाही में किआ सॉनेट सीएनजी देश में पेश की जाएगी और इसी समय नए बीएस6 फेज 2 और आरडीई ईंधन नियम लागू हो चुके होंगे. सिर्फ सॉनेट ही नहीं, किआ इंडिया ग्राहकों के बीच बहुत जल्द पॉपुलर हो चुकी कारेंस एमपीवी और सेल्टोस के सीएनजी वेरिएंट्स पर भी काम कर रही है. हाल में पुणे की सड़कों पर किआ सॉनेट सीएनजी को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है.
हाल में पुणे की सड़कों पर किआ सॉनेट सीएनजी को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है.
कितनी दमदार होगी सॉनेट सीएनजी
किआ इंडिया ने सॉनेट के सीएनजी वेरिएंट की टेस्टिंग शुरू कर दी है जिसके साथ 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है. सॉनेट एक्सलाइन वेरिएंट के साथ यही टर्बोचार्ज्ड इंजन मिलता है जो 118 बीएचपी ताकत और 12 एनएम पीक टॉर्क बनाता है. कंपनी इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन दे सकती है. बता दें कि स्टैंडर्ड सॉनेट के मुकाबले नई किआ सॉनेट सीएनजी की कीमत करीब 1 लाख रुपये ज्यादा होने वाली है.
मुकाबला भी होगा जोरदार
किआ इंडिया जहां नई सॉनेट सीएनजी लॉन्च करने की तैयारियां कर रही है, वहीं मारुति सुजुकी भी ग्राहकों के बीच पॉपुलर ब्रेजा एसयूवी का सीएनजी मॉडल लाने वाली है. नई ब्रेजा सीएनजी को ऑटो एक्सपो 2023 में शोकेस किया गया है और अनुमान है कि सॉनेट सीएनजी से पहले ब्रेजा सीएनजी भारत में लॉन्च कर दी जाएगी. टाटा मोटर्स ने भी इस साल ऑटो एक्सपो में पंच और अल्ट्रोज के सीएनजी वेरिएंट शोकेस किए हैं जिन्हें जल्द लॉन्च किया जाने वाला है.
