ऑटो न्यूज़

Jio और NHAI की हुई साझेदारी, अब हाईवे पर सभी वाहन चालकों को मिलेगा सेफ्टी अलर्ट

जियो के 4G–5G नेटवर्क के जरिए वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, कोहरे वाले हिस्सों, आवारा पशु जोन और इमरजेंसी डायवर्जन की पहले से जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। सुरक्षा संदेश यात्रियों तक एसएमएस, व्हाट्सएप और हाई-प्रायोरिटी कॉल के माध्यम से पहुंचेंगे।Jio और NHAI की साझेदारी, अब हाईवे पर सभी वाहन चालकों को मिलेगा सेफ्टी अलर्ट

Image

NHAI Sign MoU With Jio/Photo-Timesnowhindi

राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और यात्रा अनुभव को अधिक सुगम बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने रिलायंस जियो के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत 50 करोड़ से अधिक जियो ग्राहकों के लिए पूरे नेशनल हाईवे नेटवर्क पर एक टेलीकॉम आधारित सेफ्टी अलर्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा।

इमरजेंसी डायवर्जन का मिलेगा रियल टाइम अलर्ट

जियो के 4G–5G नेटवर्क के जरिए वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, कोहरे वाले हिस्सों, आवारा पशु जोन और इमरजेंसी डायवर्जन की पहले से जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। सुरक्षा संदेश यात्रियों तक एसएमएस, व्हाट्सएप और हाई-प्रायोरिटी कॉल के माध्यम से पहुंचेंगे। यह पूरी तरह ऑटोमेटेड सिस्टम जियो मोबाइल यूजर्स के लिए नेशनल हाईवे पर या उसके आसपास काम करेगा और किसी भी अतिरिक्त सड़क-किनारे हार्डवेयर की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यह मौजूदा टेलीकॉम टावरों के जरिए संचालित होगा।

सेफ्टी मैनेजमेंट का नया मानक

NHAI के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने कहा कि यह पहल यात्रियों को समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे वे पहले से ही सतर्क होकर सुरक्षित ड्राइविंग अपना सकेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल तकनीक आधारित रोड सेफ्टी मैनेजमेंट में एक नया मानक स्थापित करेगी।

वहीं रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट ज्योतिंद्र ठक्कर ने कहा कि यह पहल जियो के विस्तृत टेलीकॉम नेटवर्क की ताकत का उपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर सुरक्षा अलर्ट पहुंचाने में सक्षम होगी और इससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा और अधिक सुरक्षित बनेगी। सेफ्टी अलर्ट सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से ‘राजमार्गयात्रा ऐप’ व हेल्पलाइन 1033 से जोड़ा जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट कुछ क्षेत्रों में शुरू होगा और फिर देशभर में इसका विस्तार किया जाएगा।

इनपुट- भाषा

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article