Jaguar Land Rover Sales Figure: जगुआर लैंड रोवर इंडिया की पहली तिमाही में खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 31 प्रतिशत बढ़कर 1,371 इकाई हो गई। कंपनी की गत वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में खुदरा बिक्री 1,048 इकाई रही थी। टाटा मोटर्स की कंपनी ने एक बयान में कहा, डिफेंडर तथा रेंज रोवर इवोक दोनों की बिक्री में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इसमें डिफेंडर खंड में सबसे अधिक बिकने वाला मॉडल रहा। उन्होंने कहा कि रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर की कुल ऑर्डर बुक में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक
जेएलआर इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन अंबा ने कहा, ‘‘हमारा प्रदर्शन हमारी उम्मीदों के मुताबिक है। हमारी मजबूत बिक्री के साथ-साथ, हमारी ऑर्डर बुक में भी वित्त वर्ष की शुरुआत की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो मांग में निरंतर वृद्धि को दर्शाता है। हम बाजार में अपनी आपूर्ति को बढ़ाना जारी रखे हुए हैं।’’
मर्सिडीज की भी रिकॉर्ड बिक्री
जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज की 2024 की पहली छमाही में भारत में बिक्री नौ प्रतिशत बढ़कर 9,262 इकाई हो गई। यह वृद्धि विभिन्न श्रेणियों में मजबूत मांग और बड़ी संख्या में मॉडलों की उपलब्धता के दम पर दर्ज की गई। कंपनी बयान के अनुसार, यह देश में उसकी अभी तक की सबसे अधिक बिक्री वाली छमाही रही। उसने 2023 की जनवरी-जून अवधि में 8,528 इकाइयों की बिक्री की थी।
