Qatar Via Road With Mahindra Thar: फीफा वर्ल्ड कप देखने का लोगों में अलग ही क्रेज होता है, इसी तरह कुछ लोगों को सोलो ट्रिप बहुत पसंद आती है और वो देश के दूर-दराज इलाकों तक अकेले ही पहुंच जाते हैं. लेकिन इन दोनों बातों का जुनून एक भारतीय महिला में देखने को मिला है जो फीफा वर्ल्ड कप 2022 देखने कतर के लिए निकल चुकी है. किसी जहाज या प्लेन से नहीं, बल्कि सड़क के रास्ते अपनी महिंद्रा थार लेकर. केरल की इस महिला का नाम नाजी नोशी है जो 5 बच्चों की मां हैं और अकेले कतर के लिए निकल चुकी हैं.
किसी जहाज या प्लेन से नहीं, बल्कि सड़क के रास्ते अपनी महिंद्रा थार लेकर
घुमक्कड़ भी हैं और व्लॉगर भी
नोशी को घूमना बहुत पसंद है और इसी को लेकर वो व्लॉगिंग भी करती हैं. लेकिन इस बार वो बड़ा कारनामा करने निकल चुकी हैं और यही वजह रही कि उनकी इस यात्रा को हरी झंडी केरल के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर एंटनी राजू ने दिखाई है. मुंबई पहुंचने के बाद नोशी अपनी महिंद्रा थार के साथ पानी के जहाज से ओमान पहुंचेंगी. इसके बाद सड़क के रास्ते यूएई, बहरीन, कुवैत और साउदी अरब होते हुए वो कतर पहुंचेंगी. नोशी ने बताया कि वो 10 दिसंबर तक कतर पहुंचने का प्लान लेकर चल रही हैं ताकि अपने पसंदीदा खिलाड़ी लिओनल मेसी को फाइनल जीतता हुआ देख सकें.
कतर के झंडे से रंगी थार
नोशी ने कुछ समय पहले ही अपने लिए महिंद्रा थार खरीदी है और काले रंग की इस एसयूवी को कतर के झंडे का रंग दिया गया है. इसके अलावा उन कंपनियों के स्टिकर्स भी थार पर चिपकाए गए हैं जिन्होंने नोशी की इस यात्रा को स्पॉन्सर करने में मदद की है. नोशी ने बताया कि उनके पास ओमान में गाड़ी चलाने का लाइसेंस पहले से है जो अब एक अंतर्राष्ट्रीय ड्राइविंग में बदल चुका है. उनका कहना है कि इस इनोवेटिव ट्रिप के जरिए कतर पहुंचने वाले लोगों में इंडिया मेड वाहन के साथ पहुंचना चाहती हूं.
