Times Drive Auto Summit 2025: एचपीसीएल टाइम्स ड्राइव ऑटो समिट एंड अवार्ड्स 2025 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया का नंबर 1 ऑटोमोबाइल बाजार बन जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत हाल ही में जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार बन चुका है, जबकि अमेरिका और चीन क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर हैं। गडकरी ने बताया कि बायोफ्यूल और वैकल्पिक ईंधनों के बढ़ते उपयोग के चलते अगले पांच सालों में भारत ऑटोमोबाइल उद्योग में नंबर 1 बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ईथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दे रही है और जल्द ही E100 (100% ईथेनॉल) को अपनाने की योजना बना रही है।
यहां देखें वीडियो
इलेक्ट्रिक कारों की कीमत होगी पेट्रोल-डीजल के बराबर
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि लिथियम-आयन बैटरी की कीमत में भारी गिरावट आई है। यह कीमत $150 प्रति kWh से घटकर $100 प्रति kWh हो गई है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों की लागत में कमी आएगी और अगले 5-6 महीनों में ईवी की कीमत पेट्रोल-डीजल कारों के बराबर आ सकती है।
ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा विस्तार
गडकरी ने बताया कि देशभर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इससे ईवी अपनाने की गति तेज होगी और भारत जल्द ही सस्टेनेबल मोबिलिटी लीडर बन सकता है।
'मेक इन इंडिया' को मिलेगा बढ़ावा
भारत में ऑटोमोबाइल उद्योग के विकास पर जोर देते हुए गडकरी ने कहा कि भारत का ऑटो निर्यात क्षमता में बड़ा योगदान रहेगा। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत स्वदेशी उत्पादन और निर्यात को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे भारत ग्लोबल ऑटोमोबाइल सेक्टर में प्रमुख भूमिका निभाएगा।
