ऑटो न्यूज़

Two Wheeler Market: 2024 में चीन को पछाड़कर भारत का होगा जलवा, दोपहिया बाजार में होने वाला है धमाल

Two Wheeler Market: काउंटरप्वाइंट रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया कि टॉप 10 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में तीन (ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर्स और एथर एनर्जी) भारत से हैं, जो दिखाता है कि भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया मार्केट तेजी से बढ़ रहा है।

Image

भारत-चीन दोपहिया बाजार

Two Wheeler Market:भारत 2024 में चीन को पछाड़कर दुनिया का सबसे बड़ा दोपहिया वाहन बाजार बन सकता है। काउंटरप्वाइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार मजबूत आर्थिक वृद्धि दर, छोटी दूरी के लिए दोपहिया ग्राहकों की पहली पसंद और शेयर मोबिलिटी स्पेस में दोपहिया वाहनों की बढ़ती मांग के कारण भारत, चीन को पछाड़कर 2024 में दुनिया का सबसे बड़ा बाजार बन जाएगा।2023 में दोपहिया वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर एक प्रतिशत से भी कम का इजाफा हुआ था। हालांकि, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। 2024 में बिकने वाले दोपहिया वाहनों में 25 प्रतिशत से अधिक इलेक्ट्रिक होने की उम्मीद है।

टॉप दोपहिया वाहन कंपनियां भारत से

रिपोर्ट में आगे कहा गया कि टॉप 10 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में तीन (ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर्स और एथर एनर्जी) भारत से हैं, जो दिखाता है कि भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया मार्केट तेजी से बढ़ रहा है। ओला और एथर ग्रीनफील्ड 'ईवी-फर्स्ट' दो पहिया वाहन कंपनी है जो कि टीवीएस, बजाज और हीरो को टक्कर दे रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार दोपहिया प्रीमियम सेगमेंट में हार्ले डेविडसन, एनफील्ड, यामाहा और अन्य के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए अल्ट्रावायलेट, रिवोल्ट मोटर्स, एनर्जिका मोटर, डेमन और एआरसी जैसी कंपनियां बाजार में उतर रही हैं। काउंटरप्वाइंट रिसर्च के उपाध्यक्ष और पार्टनर नील शाह का कहना है कि चारपहिया वाहन मार्केट की तरह दोपहिया वाहन मार्केट में भी आने वाले समय में बदलाव दिखाई देगा। इसमें इलेक्ट्रिफिकेशन की अहम भूमिका होगी।

इलेक्ट्रिक वाहन की होगी बड़ी हिस्सेदारी

वरिष्ठ एनालिस्ट सौमेन मंडल ने कहा कि दोपहिया मार्केट मैच्योरिटी की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ विशेषकर 2025 के बाद लोगों का रुझान बढ़ने वाला है। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों और भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के चलन में आने वाले समय में तेजी से इजाफा होगा।रिपोर्ट में आगे कहा गया कि वैश्विक स्तर पर दोपहिया वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक की हिस्सेदारी 2030 तक 44 प्रतिशत की होगी। इसके साथ ही 2030 तक दोपहिया वाहनों में सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल बढ़कर 15 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article