ऑटो न्यूज़

Car खरीदारों को झटका! 1 जून से महंगी होंगी Hyundai की कारें, जानें जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ

Hyundai Price Hike 2026: अगर आप भी एक नई कार खरीदने की योजना बना रहें हैं तो ये जानकारी आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। Hyundai Motor India ने अपनी कारों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है।

Image

Hyundai to increase car prices (Photo: Hyundai)

Hyundai Price Hike 2026: Hyundai Motor India ने एक बार फिर अपने ग्राहकों को झटका देते हुए कार की कीमतों को बढ़ाने का निर्णय लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि 1 जून 2026 से हुंडई कारें महंगी हो जाएंगी। नई कीमतों के तहत अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अधिकतम 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी का कहना है कि बढ़ती इनपुट लागत, महंगे कच्चे माल और बढ़ते परिचालन खर्च के कारण यह फैसला लिया गया है।

इस साल दूसरी बार बढ़ रहे दाम

मालूम हो कि इससे पहले भी कंपनी ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाई थीं। इससे पहले जनवरी 2026 में भी कंपनी ने अपनी कारों की कीमतों में औसतन 0.6 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी। यह कैलेंडर वर्ष 2026 में Hyundai की दूसरी बड़ी कीमत बढ़ोतरी मानी जा रही है। दरअसल, अप्रैल में कंपनी ने मई से कीमत बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में बाजार परिस्थितियों को देखते हुए इसे जून तक टाल दिया गया। अब यह नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी।

लगातार बढ़ती लागत बढ़ा रही बोझ

कंपनी ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि वह लगातार लागत कम करने की कोशिश कर रही थी ताकि ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न पड़े। हालांकि लगातार बढ़ती लागत के कारण अब कुछ अतिरिक्त खर्च ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है। Hyundai के अनुसार, Commodity Prices, Input Costs और Operational Expenses में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

सभी कारों की बढ़ जाएगी कीमत

इस फैसले का असर Hyundai की लगभग पूरी मॉडल रेंज पर पड़ सकता है। कंपनी भारतीय बाजार में Exter, Venue, Creta, Alcazar जैसे SUV मॉडल बेचती है। इसके अलावा, Aura और Verna जैसी Sedan, Grand i10 Nios और i20 जैसी Hatchback तथा Creta Electric और Ioniq 5 जैसे Electric Vehicle भी कंपनी के पोर्टफोलियो में शामिल हैं।

Hyundai की एंट्री-लेवल कार Grand i10 Nios की शुरुआती कीमत फिलहाल करीब 5.55 लाख रुपये है, जबकि कंपनी की सबसे महंगी Electric SUV Ioniq 5 की कीमत 55 लाख रुपये से ज्यादा है। ऐसे में कीमत बढ़ोतरी का असर अलग-अलग मॉडल्स पर अलग स्तर पर देखने को मिल सकता है।

मारुति कारें भी होने जा रही हैं महंगी

ऑटोमोबाइल सेक्टर इस समय लगातार बढ़ती लागत के दबाव का सामना कर रहा है। केवल Hyundai ही नहीं, बल्कि Maruti Suzuki, Tata Motors और Mahindra जैसी कंपनियां भी हाल के महीनों में कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर चुकी हैं। Maruti Suzuki ने भी जून 2026 से अपनी कारों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाने की घोषणा की है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article