ऑटो न्यूज़

सर्दियों में कार स्टार्ट करने में आती है परेशानी, इन टिप्स को फॉलो कर आसानी से बन जाएगा काम

सुबह-सुबह ऑफिस पहुंचने के लिए देर हो रही होती है वहीं गाड़ी का स्टार्ट न होना परेशानी को और बढ़ा देता है।खासकर सर्दियों में, जब ठंडी हवा और जमी हुई नमी गाड़ी के इंजन और बैटरी पर असर डालती है, तो इंजन को चालू करना आसान नहीं रहता। कभी बैटरी कमजोर लगती है, तो कभी इंजन भारी महसूस करता है और स्टार्टिंग में समय लग जाता है।

Image

सर्दियों में कार स्टार्ट करने में क्यों आती है परेशानी (Photo : iStock)

ठंड के इन दिनों में कार चालकों को कई तरह की परेशानी आती हैं। इन्हीं में से एक कार का स्टार्ट न होना है। यह हर चालक के लिए एक आम समस्या है। ठंड की वजह से कार के कई जरूरी पार्ट्स पर असर पड़ता है, जिसकी वजह से सुबह-सुबह गाड़ी स्टार्ट करना एक मुश्किल भरा काम बन जाता है। हालांकि, कुछ टिप्स को फॉलो कर इस परेशानी से निपटा जा सकता है।

सही ग्रेड का इंजन ऑयल

सर्दियों में इंजन ऑयल गाढ़ा हो जाता है, जिससे इंजन को घुमाने के लिए ज्यादा शक्ति लगती है और यही वजह कि गाड़ी स्टार्ट होने में परेशानी आती है। अगर आप खास कर ठंड के इन दिनों के लिए सही ग्रेड का इंजन ऑयल इस्तेमाल करें और कंपनी द्वारा सुझाए गए ऑयल का ही इस्तेमाल करें तो गाड़ी स्टार्ट करने में परेशानी नहीं आएगी।

एंटी-जेल फ्यूल एडिटिव का इस्तेमाल

इसी तरह, ठंड के दिनों में खासकर डीजल कार में फ्यूल जमने (Fuel Gelling) की समस्या हो सकती है, जिससे इंजन तक ईंधन नहीं पहुंच पाता। इसके लिए आपको अच्छी क्वालिटी का फ्यूल डलवाने की सलाह दी जाती है। जरूरत पड़ती है तो एंटी-जेल फ्यूल एडिटिव का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

इग्निशन ऑन करें

ठंड के दिनों में इंजन को स्टार्ट होने में कुछ अधिक समय लगता है ऐसे में आप गाड़ी स्टार्ट करने से पहले इग्निशन ऑन कर कुछ सेकंड रुक सकते हैं।

स्पार्क प्लग और ग्लो प्लग की जांच

पेट्रोल कार में स्पार्क प्लग और डीजल कार में ग्लो प्लग खराब या गंदे हों तो ठंड के इन दिनों में कार स्टार्ट होने में परेशानी का सामना कर पड़ सकता है। यह परेशानी न आए इसके लिए समय-समय पर स्पार्क प्लग और ग्लो प्लग की जांच और सफाई करवाने की सलाह दी जाती है।

गाड़ी को कवर करें

ठंड में बैटरी की क्षमता कम हो जाती है और इंजन ज्यादा ठंडा हो जाता है। गाड़ी को कवर करने से तापमान का असर कुछ हद तक कम होता है, जिससे बैटरी जल्दी डिस्चार्ज नहीं होती और सुबह गाड़ी स्टार्ट करने में आसानी होती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article