अगर आप बजट बाइक खरीदने की सोच रहे हैं तो हीरो स्प्लेंडर प्लस या होंडा शाइन 100 DX आपके दिमाग में सबसे पहले आ सकता है। देश में इन दोनों बाइक की इन दिनों अच्छी मांग है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने शाइन 100 DX के जरिये हाई डिमांड वाले सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। वैसे, हीरो स्प्लेंडर प्लस लंबे समय से इस सेगमेंट में नंबर वन है। आइए आपको बताते हैं कि इन दोनों बाइक में कौन सी है बेस्ट? किसको लेना वैल्यू फॉर मनी है?
डिजाइन: हीरो स्प्लेंडर प्लस बनाम होंडा शाइन 100 DX
हीरो स्प्लेंडर प्लस का लुक और अपील वैसा ही है जैसा शुरू में था। जानी-पहचानी पतली बॉडी वाली इस बाइक में 3D लोगो और स्प्लेंडर+ बैज क्रोम फिनिश में मिलता है। यह कुल 5 कलर ऑप्शन में आती है, स्पोर्ट्स रेड ब्लैक, ब्लैक रेड पर्पल, फोर्स सिल्वर, ब्लैक हेवी ग्रे, और ब्लू ब्लैक। वहीं, Honda Shine 100 DX में क्रोम फिनिशिंग वाली एक बड़ी हेडलाइट के साथ आती है। इसमें एक बड़ा दिखने वाला फ्यूल टैंक है, जिससे बाइक का ओवरऑल लुक बेहतर होता है। इसे बनाने वाली कंपनी ने चार कलर ऑप्शन दिए हैं, पर्ल इग्नियस ब्लैक, इंपीरियल रेड मेटैलिक, एथलेटिक ब्लू मेटैलिक और जेनी ग्रे मेटैलिक।
फीचर्स: Splendor Plus बनाम Shine 100 DX
Hero Splendor Plus में एनालॉग मीटर आता है। हालांकि, जो कस्टमर डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर चाहते हैं, वे Splendor Plus XTEC ले सकते हैं, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, SMS अलर्ट, माइलेज इंडिकेटर और भी बहुत कुछ मिलता है। वहीं शाइन में पूरी तरह से डिजिटल LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया है। यह डिस्प्ले रियल-टाइम माइलेज, डिजिटल घड़ी और कई जरूरी जानकारी देता है।
ब्रेकिंग: हीरो स्प्लेंडर प्लस बनाम होंडा शाइन 100 DX
दोनों बाइक्स में आगे टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और पीछे पांच-स्टेप एडजस्टेबल ट्विन-शॉक एब्जॉर्बर हैं। इसी तरह, दोनों मोटरसाइकिलों में ब्रेकिंग सिस्टम में आगे और पीछे दोनों तरफ ड्रम ब्रेक हैं। इसके अलावा, बाइक्स में दोनों तरफ ट्यूबलेस टायर लगे हैं, फर्क सिर्फ इतना है कि शाइन में 17-इंच के पहिये हैं जबकि स्प्लेंडर में 18-इंच के साथ आती है।
इंजन: हीरो स्प्लेंडर प्लस बनाम होंडा शाइन 100 DX
हीरो स्प्लेंडर प्लस ट्यूबलर डबल क्रेडल फ्रेम पर आधारित है। इसमें 97.2 cc का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन है जो 8,000 rpm पर 7.9 hp की पावर और 6,000 rpm पर 8.05 Nm का पीक टॉर्क देता है। यह पावर मल्टीप्लेट वेट क्लच वाले 4-स्पीड ट्रांसमिशन के जरिए पहिए तक पहुंचती है। होंडा शाइन 100 DX में 98.98 cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन है जो 7,500 rpm पर 7 hp और 5,000 rpm पर 8.04 Nm का अधिकतम टॉर्क जेनरेट करता है। यह मल्टीप्लेट वेट क्लच के साथ चार-स्पीड ट्रांसमिशन पर काम करता है। राइडर्स के पास सेल्फ-स्टार्ट और किक-स्टार्ट दोनों ऑप्शन हैं।
कीमत: हीरो स्प्लेंडर प्लस बनाम होंडा शाइन 100 DX
हीरो स्प्लेंडर प्लस अभी 73,902 रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर बेची जा रही है, जबकि होंडा शाइन 100 DX की कीमतें 78,690 (एक्स-शोरूम) रुपये से शुरू होती है।
