ऑटो न्यूज़

Hero ला रही बिना पेट्रोल से चलने वाली बाइक, इस घरेलू ईंधन का होगा इस्तेमाल

Hero MotoCorp Flex-Fuel Bike: वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देते हुए एक बड़े कदम के रूप में देश की सबसे बड़ा टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरर Hero MotoCorp अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल बाइक लॉन्च करने जा रहा है।

Image

Flex Fuel Motorcycle (Photo: AI Generated Image)

Hero MotoCorp Flex-Fuel Bike: Hero MotoCorp अपने ग्राहकों के लिए पहली फ्लेक्स-फ्यूल बाइक लॉन्च करने जा रहा है। इस बाइक को 3 जून को लाया जा रहा है। यह कदम भारत में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा माना जा रहा है। सरकार पहले से इथेनॉल आधारित फ्यूल को बढ़ावा दे रही है और अब ऑटोमोबाइल कंपनियां भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

Hero HF Deluxe 3 जून को होगी लॉन्च

दरअसल, Hero MotoCorp पहले ही फ्लेक्स-फ्यूल टेक्नोलॉजी पर काम कर रही थी। कंपनी ने पहले Bharat Mobility Global Expo में अपनी फ्लेक्स फ्यूल बाइक को शोकेस किया था। अब इसे भारतीय ग्राहकों के लिए लॉन्च किया जाएगा।

Hero MotoCorp की फ्लेक्स-फ्यूल बाइक का नाम Hero HF Deluxe है। कंपनी के अनुसार, यह बाइक भारत सरकार की हरित और नवीकरणीय ईंधन तकनीकों को बढ़ावा देने की योजना के अनुरूप तैयार की गई है। कंपनी ने जानकारी देते हुए बताया है कि इस इथेनॉल आधारित बाइक को हीरो के Centre for Innovation and Technology (CIT), जयपुर में तैयार किया गया है। यह बाइक 100cc BS6 इंजन से लैस है और इसे ऐसे फ्यूल पर चलने के लिए डिजाइन किया गया है जिसमें इथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत (E20) से लेकर 85 प्रतिशत (E85) तक हो सकती है।

इथेनॉल आधारित फ्यूल को बढ़ावा दे रही सरकार

भारत सरकार लंबे समय से इथेनॉल आधारित फ्यूल को बढ़ावा देने की योजना पर काम कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य क्रूड ऑयल के आयात को कम करना और प्रदूषण घटाना है। दरअसल, भारत अपनी जरूरत का एक बड़ा हिस्सा विदेशी तेल आयात से पूरा करता है। ऐसे में इथेनॉल आधारित फ्यूल को भविष्य के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

क्या होते हैं फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल

फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल (Flex-Fuel Vehicle) ऐसे इंजन के साथ आते हैं जो अलग-अलग इथेनॉल ब्लेंड को आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। ये वाहन E20, E85 और कुछ मामलों में E100 तक फ्यूल ब्लेंड पर भी चल सकते हैं। इथेनॉल को क्लीनर फ्यूल माना जाता है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम हो सकता है।

ईंधन की लागत कम करने में मिलेगी मदद

माना जा रहा है कि यह कदम भारतीय दोपहिया बाजार में एक बड़ा बदलाव ला सकता है। Hero MotoCorp देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनियों में शामिल है। ऐसे में कंपनी की इस एंट्री से फ्लेक्स-फ्यूल सेगमेंट को मजबूत बढ़ावा मिल सकता है। इथेनॉल आधारित फ्यूल से लंबे समय में ईंधन की लागत कम करने में भी मदद मिल सकती है। क्योंकि इथेनॉल का उत्पादन देश में गन्ना, मक्का और कृषि अपशिष्ट से किया जा सकता है। इससे किसानों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article