Harley-Davidson X440 T भारत में लॉन्च: क्या-क्या बदला, कितनी है कीमत?
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 8, 2025, 11:12 AM IST
हीरो मोटोकॉर्प और हार्ले-डेविडसन ने मिलकर भारत में अपनी नई प्रीमियम मोटरसाइकिल X440 T को आखिरकार लॉन्च कर दिया है। यह बाइक पिछले काफी समय से सुर्खियों में थी और अब इसका इंतजार खत्म हो चुका है। कंपनी ने इसे X440 सीरीज के टॉप मॉडल के रूप में पेश किया है। नई X440 T में डिजाइन, परफॉर्मेंस और टेक्नोलॉजी तीनों ही मामलों में कई सुधार किए गए हैं। आइए इसके फीचर्स, बदलाव और कीमत पर एक नजर डालते हैं।
Harley-Davidson
Harley-Davidson और Hero MotoCorp की पार्टनरशिप से बनी X440 बाइक सीरीज को पहले ही काफी लोकप्रियता मिल चुकी है। इसी लाइनअप में कंपनी ने अब अपना नया और सबसे एडवांस मॉडल Harley-Davidson X440 T लॉन्च कर दिया है। यह मौजूदा X440 रेंज का टॉप वेरिएंट है और इसे फ्लैगशिप मॉडल के तौर पर पेश किया गया है। कंपनी ने इसकी कीमत एक्स-शोरूम ₹2.79 लाख रखी है। कीमत बढ़ने के साथ इस बाइक में कई मॉडर्न फीचर्स, नया इलेक्ट्रॉनिक सेटअप और अपडेटेड रियर डिज़ाइन शामिल किया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने अब पुराने Denim वेरिएंट को बंद कर दिया है, जो स्पोक व्हील वाले विकल्प के रूप में उपलब्ध था।
बाइक की खासियत
नई X440 T का सबसे बड़ा अपग्रेड इसका इलेक्ट्रॉनिक पैकेज है। Harley-Davidson ने पहली बार इस बाइक में Ride-by-Wire टेक्नोलॉजी दी है, जिससे बाइक को दो अलग-अलग राइडिंग मोड Road और Rain मिलते हैं। यह फीचर राइडिंग एक्सपीरियंस को ज्यादा स्मूद और कंट्रोल्ड बनाता है। साथ ही इस बाइक में स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल रियर ABS दिया गया है, जो इस सेगमेंट में काफी एडवांस फीचर माना जाता है। सुरक्षा बढ़ाने के लिए कंपनी ने Panic Braking Alert System भी जोड़ा है, जो अचानक ब्रेक लगने पर पीछे आ रहे वाहनों को अलर्ट करता है और संभावित टक्कर से बचाता है।
X440 T में सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स ही नहीं, बल्कि डिजाइन और कम्फर्ट में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इसके रियर हिस्से को पूरी तरह से रीडिज़ाइन किया है। नया रियर सबफ्रेम, नया टेल सेक्शन, अपडेटेड ग्रैब हैंडल और बेहतर पिलियन सीटिंग डिजाइन इसे ज्यादा आरामदायक और प्रीमियम फील देते हैं। पहले ग्राहकों की तरफ से रियर व्हील और फेंडर के बीच ज्यादा गैप की शिकायत आती थी, जिसे अब काफी हद तक सुधार दिया गया है। नया रियर लुक बाइक को अधिक संतुलित, मस्कुलर और आधुनिक अपील देता है।
क्या है नया?
परफॉर्मेंस के मामले में Harley-Davidson X440 T पूरी तरह भरोसेमंद है। इसमें वही इंजन दिया गया है जो मौजूदा X440 मॉडल में मिलता है। बाइक में 440cc का सिंगल-सिलेंडर एयर/ऑयल कूल्ड इंजन है, जो 27hp की पावर और 38Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। शहर और हाईवे दोनों तरह की राइडिंग के लिए यह इंजन काफी स्मूद और टॉर्की परफॉर्मेंस देता है। वजन (कर्ब वेट) 192kg होने के बावजूद बाइक स्थिरता बनाए रखती है और भारी होने के बावजूद इसका कंट्रोल काफी बेहतर महसूस होता है।
एक और बड़ा बदलाव यह है कि कंपनी ने अब Denim वेरिएंट को पूरी तरह बंद कर दिया है। यह X440 लाइनअप का इकलौता मॉडल था जिसमें स्पोक व्हील मिलते थे। इसके बंद होने से अब सभी वेरिएंट्स में Alloy Wheels स्टैंडर्ड मिलेंगे, जिससे मेंटेनेंस कम होगा और राइडर को ज्यादा प्रीमियम लुक मिलेगा। अब X440 सीरीज तीन वेरिएंट्स Vivid, S और नया T में उपलब्ध है।
कितनी है कीमत
अगर कीमत की बात करें, तो X440 T सबसे महंगा मॉडल है। मौजूदा कीमतें इस प्रकार हैं: X440 Vivid की कीमत ₹2.34 लाख, X440 S की कीमत ₹2.55 लाख और नया X440 T ₹2.79 लाख एक्स-शोरूम उपलब्ध है। फीचर्स और इलेक्ट्रॉनिक अपग्रेड्स को देखते हुए, यह नई कीमत काफी संतुलित मानी जा रही है।
Harley-Davidson X440 T अब चार आकर्षक कलर ऑप्शन्स Black, Red, Blue और White में उपलब्ध है। रंगों का यह नया सेट बाइक को और भी प्रीमियम स्पोर्टी लुक देता है। नए डिजाइन बदलाव और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स इसे अपने सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाते हैं।