ऑटो न्यूज़

Goa घूमने जाएंगे तो अब मिलेंगे सिर्फ इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर! सफर होगा और सुहाना

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jul 19, 2023, 02:20 PM IST

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अहम जानकारी देते हुए कहा कि 2024 से सभी नए टूरिस्ट वाहन अनिवार्य रूप से इलेक्ट्रिक किए जाएंगे। इनमें कैब सर्विस से लेकर स्कूटर शामिल हैं जो अब सिर्फ बैटरी से चलने वाले होंगे।

Image

इनमें कैब सेवा वाले वाहन और मोटरसाइकिल भी शामिल हैं।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • गोवा में अब चलेंगे सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन
  • मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताई डेडलाइन
  • कैब और टू-व्हीलर्स सभी होंगे इलेक्ट्रिक

Electric Vehicles In Goa: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा कि अगले साल जनवरी से राज्य में किराये पर उपलब्ध कराए जाने वाले सभी नए पर्यटक वाहन इलेक्ट्रिक होंगे। इनमें कैब सेवा वाले वाहन और मोटरसाइकिल भी शामिल हैं। सावंत ने कहा कि गोवा सरकार ने तटीय राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए बड़े सुधारों का प्रस्ताव दिया है। सावंत ने पणजी में भारत की जी20 अध्यक्षता के तहत चल रही चौथी ऊर्जा परिवर्तन कार्यसमूह की बैठक से इतर नीति आयोग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस कार्यक्रम में भारत के जी20 के शेरपा अमिताभ कांत ने भी हिस्सा लिया।

EV में गोवा चौथे स्थान पर

सावंत ने कहा कि राज्यों द्वारा खरीदे गए इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की सूची में गोवा चौथे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि अगले साल जनवरी से किराये पर दिए जाने वाले सभी नए पर्यटक वाहन, कैब और मोटरसाइकिल अनिवार्य रूप से बैटरी से चलने वाले होंगे। जनवरी, 2024 से सरकार द्वारा खरीदे जाने वाले नए वाहन भी अनिवार्य रूप से इलेक्ट्रिक होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा में प्रति व्यक्ति वाहन स्वामित्व राष्ट्रीय औसत का 4.5 गुना है। गोवा सरकार संभावित रूप से सभी मुख्य टूरिस्ट स्पॉट्स पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग की पर्याप्त व्यवस्था लगभग पूरी करने वाली है।

तेजी से बढ़ रहा ईवी का क्रेज

भारतीय ऑटोमोटिव मार्केट में जहां सभी निर्माता इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर दे रहे हैं, वहीं ग्राहकों के बीच इनका क्रेज भी तेजी से बढ़ा है। भारत सरकार भी लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन चुनने के लिए प्रोत्साहित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही, इसी के चलते फेम-2 सब्सिडी का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। गोवा में सभी नए टूरिस्ट वाहनों को इलेक्ट्रिक में बदलने से पर्यावरण को बड़ा फायदा होगा और सैर करने वालों को भी सस्ते में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर चलाने को मिलेगा।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article