First MotoGP In India: भारत में होने वाली पहली मोटो जीपी रेस का सबसे सस्ता टिकट 800 रूपये का होगा जबकि सबसे महंगा टिकट डेढ लाख रूपये का रहेगा। प्रीमियर दुपहिया रेस प्रतियोगिता के भारतीय प्रमोटर फेयरस्ट्रीट स्पोटर्स ने 22 से 24 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर होने वाली रेस के टिकटों की बिक्री जल्दी शुरू करने का ऐलान किया। बता दें कि यामाहा देश की पहली ग्रां प्री देखने के लिए 100 लोगों को टिकट देने वाली है। इसकी पूरी जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ले सकते हैं।
सबसे सस्ता टिकट 800 रूपये का
एक सूत्र ने बताया, "प्रशंसकों को एक दिन का या पूरे सप्ताहांत का टिकट खरीदने का विकल्प मिलेगा। सबसे सस्ता टिकट 800 रूपये का और सबसे महंगा डेढ लाख रूपये का होगा। कुल छह श्रेणी के टिकट होंगे। कई वाहन निर्माता कंपनियों ने यहां अपने बॉक्स बनाए हैं जो अपने ग्राहकों को इस मोटोजीपी की टिकटे उपलब्ध करा रहे हैं।"
सबसे बड़ा मोटरस्पोर्ट टूर्नामेंट होगा
भारत में फार्मूला वन ग्रां प्री के बाद यह सबसे बड़ा मोटरस्पोर्ट टूर्नामेंट होगा। भारत में 2011 में होने वाली पहली फार्मूला वन रेस से पहले सबसे सस्ता टिकट 1500 रूपये का था। रेस के टिकट साझेदार बुक माय शो ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि टिकटों की बिक्री जल्दी ही शुरू की जायेगी। 10 दिन बाद भारत में पहली बार ये रफ्तार का ये रोमांच नजर आने वाला है, तो अगर आप इसे देखना चाहते हैं तो टिकट की उपलब्धता देखें।
