ऑटो न्यूज़

Euler ने ADAS फंक्शन के साथ लॉन्च किया नया इलेक्ट्रिक व्हीकल, कीमत 9 लाख से कम

Euler Foray In Electric LCV Segment: यूलर फिलहाल इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन बेचती है। अब कंपनी ने दो स्टॉर्म ईवी मॉडल पेश किए हैं, जो विशेष रूप से शहर के अंदर और बाहर की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विकसित किए गए हैं। कंपनी ने दो इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन पेश किए हैं।

Image

कंपनी ने बुधवार को दो इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन पेश किए।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • इलेक्ट्रिक एलसीवी सेगमेंट में आई यूलर
  • लॉन्च किए 2 इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन
  • 8.99 लाख रुपये रखी शुरुआती कीमत

Euler Foray In Electric LCV Segment: इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माता कंपनी यूलर मोटर्स हल्के वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) खंड में उतर गई है। कंपनी ने बुधवार को दो इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन पेश किए, जिन्हें विभिन्न ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी फिलहाल इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन बेचती है। अब कंपनी ने दो स्टॉर्म ईवी मॉडल पेश किए हैं, जो विशेष रूप से शहर के अंदर और बाहर की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विकसित किए गए हैं।

एक प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी

यूलर मोटर्स के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सौरव कुमार ने कहा कि वर्तमान में देश में कुल छोटे वाणिज्यिक वाहनों (एससीवी) की बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी एक प्रतिशत से भी कम है। उन्होंने कहा कि कंपनी समग्र इलेक्ट्रिक एससीवी खंड को बढ़ाना चाहेगी और फिर इलेक्ट्रिक तिपहिया खंड में अपनी मौजूदा बाजार हिस्सेदारी के समान बाजार हिस्सेदारी हासिल करना चाहेगी।

दो नए मॉडल पेश करेगी यूलर

कुमार ने कहा, “तिपहिया वाहनों में हम उन शहरों में 20 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने में सक्षम हैं जहां हम काम करते हैं। हम छोटे वाणिज्यिक वाहन खंड में भी इसी तरह की हिस्सेदारी हासिल करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि यूलर सबसे पहले दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद जैसे सात प्रमुख शहरों में दो नए मॉडल पेश करेगी और बाद में उन विभिन्न अन्य शहरों में भी उत्पाद पेश करेगी जहां वह वर्तमान में परिचालन करती है।

कीमत 8.99 लाख रुपये

कंपनी ने शहर के अंदर चलने के लिए स्टॉर्म ईवी टी1250 पेश की है, जिसकी शोरूम कीमत 8.99 लाख रुपये है। इसे एक बार चार्ज करने पर लगभग 140 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। इसपर 1,250 किलोग्राम भार लादा जा सकता है। दूसरा मॉडल स्टॉर्म ईवी लोंगरेंज 200 शहर से बाहर भी ले जाया जा सकता है। इसकी कीमत 12.99 लाख रुपये है। इसकी भार क्षमता भी 1,250 किलोग्राम है लेकिन इसे एक बार चार्ज करके 200 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article