Bike Buying Guide: बाइक खरीदना हर किसी के लिए एक खास अनुभव होता है, खासकर जब यह पहली बार हो। सही बाइक का चुनाव न केवल आपकी जरूरतों और बजट पर निर्भर करता है, बल्कि सुरक्षा, मेंटेनेंस और लंबी अवधि के फायदे भी ध्यान में रखना जरूरी है। पहली बार बाइक खरीदने की तैयारी में हैं तो आपको कुछ जरूरी बातों को भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए-
बजट और खर्च
सबसे पहले बजट और खर्च का ध्यान रखें। केवल बाइक की कीमत ही नहीं, बल्कि एक्स-शोरूम और ऑन-रोड कीमत, इंश्योरेंस, आरटीओ चार्ज, टैक्स और मेंटेनेंस लागत को भी ध्यान में रखें। बजट तय करने के बाद ही किसी बाइक की तलाश शुरू करें।
बाइक का इस्तेमाल
अगर आप एक नई बाइक रोज़मर्रा की शहर में राइडिंग के लिए खरीद रहे हैं तो 100-125cc या 150cc की हल्की और माइलेज वाली बाइक सही रहेगी। लंबी दूरी और एडवेंचर राइडिंग के लिए 150cc से अधिक इंजन क्षमता वाली बाइक बेहतर विकल्प होती है।
सेफ्टी फीचर्स
आजकल अधिकांश बाइक ABS, ड्यूल ब्रेकिंग सिस्टम, LED हेडलैंप और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसी सुरक्षा सुविधाओं के साथ आती हैं। पहली बाइक खरीदते समय इन फीचर्स को प्राथमिकता दें, क्योंकि ये आपकी सुरक्षा को काफी हद तक बढ़ाते हैं।
कंफर्ट और हैंडलिंग
बाइक की सीट ऊंचाई, वजन और हैंडलिंग आपकी शारीरिक सुविधा और राइडिंग एक्सपीरियंस को प्रभावित करती है। बाइक खरीद रहे हैं तो टेस्ट राइड लेना न भूलें। टेस्ट राइड लेकर यह समझें कि बाइक आपकी लंबाई और वजन के अनुसार बाइक सहज है या नहीं।
ब्रांड और सर्विस नेटवर्क
पहली बार बाइक ले रहे हैं तो ध्यान रहे कि भरोसेमंद ब्रांड और अच्छे सर्विस नेटवर्क वाली बाइक चुनें। समय पर सर्विस और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता लंबी अवधि में परेशानी कम करती है।
माइलेज और मेंटेनेंस
नई बाइक खरीदते समय यह समझना जरूरी है कि यह कितना माइलेज देती है। माइलेज के अलावा यह भी पहले ही जान लेना चाहिए कि बाइक की सर्विसिंग कितनी आसान होगी और यह कितना किफायती होगा।
फाइनेंस और ऑफर्स
नई बाइक ले रहे हैं तो बैंक लोन या EMI विकल्पों की जानकारी रखना भी समझदारी भरा होगा। बैंक लोन या EMI विकल्पों की जानकारी लें, साथ ही डीलरशिप पर उपलब्ध डिस्काउंट और कैशबैक ऑफर्स का लाभ उठाएं।
