ऑटो न्यूज़

फरवरी महीने में जमकर बिकीं इलेक्ट्रिक गाड़ियां, रजिस्ट्रेशन में 44% की हुई धमाकेदार बढ़ोतरी

दोपहिया वाहन क्षेत्र में, कुल बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 1,11,709 इकाई हो गई, जबकि फरवरी, 2025 में यह 76,722 इकाई थी। फरवरी में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे आगे टीवीएस मोटर कंपनी रही।

Image

फरवरी महीने में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की डिमांड जमकर रही। (फोटो क्रेडिट-Times Drive)

फरवरी 2026 में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। Federation of Automobile Dealers Associations (फाडा) के अनुसार, इस वर्ष फरवरी में ईवी की कुल बिक्री 13,733 इकाइयों तक पहुंच गई, जो पिछले साल फरवरी 2025 में 9,505 इकाइयों के मुकाबले लगभग 44 प्रतिशत अधिक है।

फाडा का कहना है कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग, लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सरकार द्वारा ईवी को बढ़ावा देने के प्रयासों के कारण इस क्षेत्र में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। यही वजह है कि साल-दर-साल इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

इस क्षेत्र में टाटा मोटर्स सबसे आगे रही। कुल वाहनों के पंजीकरण में कंपनी का हिस्सा 38.5 प्रतिशत रहा। इस दौरान कंपनी की बिक्री बढ़कर 5,568 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल फरवरी में यह आंकड़ा 4,020 इकाई था।

इलेक्ट्रिक फोर व्हीलर की जमकर हुई बिक्री

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने फरवरी में 3,312 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 3,490 इकाई बिकी थीं। यानी इसमें लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले महीने 2,913 इकाइयां बेचीं, जबकि फरवरी, 2025 में कंपनी ने 508 वाहन बेचे थे। इसके बाद क्रमश: 384 और 306 इकाइयों के पंजीकरण के साथ विनफास्ट ऑटो और बीवाईडी इंडिया का स्थान रहा।

दोपहिया वाहन की भी बढ़ी डिमांड

दोपहिया वाहन क्षेत्र में, कुल बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 1,11,709 इकाई हो गई, जबकि फरवरी, 2025 में यह 76,722 इकाई थी। फरवरी में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे आगे टीवीएस मोटर कंपनी रही। कंपनी ने 31,614 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 18,955 वाहन बिके थे, यानी बिक्री में 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। बजाज ऑटो ने 25,328 वाहन बेचे, और एथर एनर्जी की बिक्री 20,584 वाहन रही।

इसके बाद हीरो मोटोकॉर्प और ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने क्रमशः 12,514 और 4,724 वाहन बेचे। वहीं ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की बिक्री में गिरावट आई। कंपनी ने फरवरी में 3,968 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने 8,675 वाहन बिके थे, यानी लगभग 54 प्रतिशत की कमी हुई।

(इनपुट- भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारी author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article