फॉग में बाइक चलाते समय न करें ये गलती, अपनाएं ये 8 सेफ्टी टिप्स
- Authored by: रिचा त्रिपाठी
- Updated Dec 28, 2025, 11:05 AM IST
सर्दियों में घना कोहरा सड़क पर विजिबिलिटी कम कर देता है, जिससे बाइक चलाना जोखिम भरा हो जाता है। फॉग में की गई छोटी-सी गलती भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। ऐसे में सुरक्षित सफर के लिए जरूरी है कि कुछ अहम गलतियों से बचा जाए और सही सेफ्टी टिप्स अपनाए जाएं। तो आइए आपको बताते हैं आपको कौन सी सेफ्टी टिप्स का ध्यान रखना चाहिए।
Bike riding fog
सर्दियों के मौसम में उत्तर भारत समेत कई राज्यों में घना कोहरा (फॉग) देखने को मिलता है। ऐसे में बाइक चलाना काफी जोखिम भरा हो जाता है, क्योंकि सड़क पर आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। कम विजिबिलिटी की वजह से छोटी सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए कोहरा ज्यादा खतरनाक साबित होता है। अगर आप रोज बाइक से ऑफिस जाते हैं या सुबह-सुबह सफर करते हैं, तो कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है। यहां हम आपको आसान भाषा में कोहरे में बाइक चलाते समय अपनाने वाली 8 सबसे जरूरी सेफ्टी टिप्स बता रहे हैं।
तेज रफ्तार सबसे बड़ी गलती, स्पीड रखें कंट्रोल में
कोहरे में बाइक चलाते समय सबसे बड़ी गलती ओवर-स्पीडिंग होती है। सामने कितना रास्ता साफ है, इसका अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में तेज रफ्तार से बाइक चलाना जानलेवा हो सकता है। हमेशा धीमी और नियंत्रित गति में बाइक चलाएं। कम स्पीड पर चलने से अगर अचानक सामने कोई वाहन, पैदल यात्री या जानवर आ जाए, तो समय रहते ब्रेक लगाने का मौका मिल जाता है।
हाई बीम नहीं, हमेशा लो बीम का करें इस्तेमाल
कई लोग गलती से कोहरे में हाई बीम लाइट जला देते हैं, जबकि इससे विजिबिलिटी और कम हो जाती है। हाई बीम की रोशनी कोहरा से टकराकर वापस आंखों में पड़ती है, जिससे सामने का रास्ता धुंधला दिखने लगता है। इसलिए हमेशा लो बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करें। अगर बाइक में फॉग लैंप लगे हैं, तो उनका उपयोग करना ज्यादा सुरक्षित रहता है।
सेफ्टी गियर पहनना न भूलें
कोहरे में खुद को दूसरों को दिखाना बेहद जरूरी है। इसके लिए रिफ्लेक्टिव स्ट्रिप्स वाला हेलमेट और जैकेट पहनें, ताकि दूसरे वाहन चालक आपको आसानी से देख सकें। ठंड से बचाव के लिए दस्ताने पहनना भी जरूरी है, जिससे हाथ सुन्न न हों और ब्रेक पर पकड़ बनी रहे। घुटनों और कोहनियों की सेफ्टी गार्ड पहनने से दुर्घटना की स्थिति में चोट कम लगती है।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अचानक मूवमेंट से बचें
कोहरे में आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है। खासकर ट्रक, बस या कार से ज्यादा पास न चलें। अगर सामने वाला वाहन अचानक ब्रेक लगा दे, तो आपके पास रुकने के लिए पर्याप्त समय होना चाहिए। इसके अलावा अचानक लेन बदलने, तेज मोड़ लेने या बार-बार ओवरटेक करने से बचें। मोड़ लेते समय इंडिकेटर और जरूरत पड़ने पर हॉर्न का सही इस्तेमाल करें।
ध्यान भटकाने वाली चीजों से रहें दूर
कोहरे में बाइक चलाते समय पूरी एकाग्रता जरूरी होती है। म्यूजिक सुनना, मोबाइल फोन पर बात करना या कॉल देखना बड़ी गलती साबित हो सकती है। इससे आसपास की आवाजें सुनाई नहीं देतीं और खतरा बढ़ जाता है। बाइक चलाते समय सिर्फ सड़क और ट्रैफिक पर ध्यान दें।
बाइक की हालत सही होनी चाहिए
कोहरे में निकलने से पहले बाइक का मेंटेनेंस चेक करना जरूरी है। हेडलाइट, ब्रेक, इंडिकेटर, हॉर्न और टायर सही हालत में हों। टायर में सही हवा और अच्छी ग्रिप होना जरूरी है, ताकि फिसलन वाली सड़क पर बाइक कंट्रोल में रहे। समय-समय पर सर्विस कराने से अचानक खराबी की आशंका कम हो जाती है।
फ्यूल टैंक भरवाकर रखें
अगर आप सुबह जल्दी या लंबी दूरी की यात्रा पर निकल रहे हैं, तो फ्यूल पहले से भरवा लें। कोहरे में पेट्रोल पंप दूर से दिखाई नहीं देते और रास्ते में फ्यूल खत्म होने पर परेशानी बढ़ सकती है।
मौसम की जानकारी लेकर ही निकलें
घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें। अगर बहुत ज्यादा कोहरा हो, तो गैर-जरूरी यात्रा टालना ही बेहतर होता है। जरूरी सफर में अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि जल्दबाजी न करनी पड़े।