नया साल 2026 भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए काफी खास रहने वाला है। साल की शुरुआत यानी जनवरी महीने में ही कई बड़ी और चर्चित कारों की लॉन्चिंग तय मानी जा रही है। इससे पहले महिंद्रा XUV 7XO, टाटा पंच फेसलिफ्ट और न्यू जनरेशन किआ सेल्टोस जैसे मॉडल बाजार में आ चुके हैं, लेकिन अभी भी कई अहम गाड़ियां लॉन्च होनी बाकी हैं। ऐसे में जनवरी 2026 में कार खरीदारों के पास ढेरों नए विकल्प मौजूद होंगे।
लॉन्च होंगी ये 6 कारें
रेनो डस्टर
सबसे पहले बात करते हैं नई रेनो डस्टर की, जिसे 26 जनवरी 2026 यानी गणतंत्र दिवस के मौके पर लॉन्च किया जा सकता है। रेनो डस्टर भारतीय कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट का एक जाना-पहचाना नाम है। नई डस्टर के सामने आए स्पाई शॉट्स में इसका डिजाइन इंटरनेशनल मॉडल से थोड़ा अलग नजर आता है। इसके केबिन में 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस फोन चार्जर और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इंजन ऑप्शन इंटरनेशनल मार्केट जैसे ही हो सकते हैं।
निसान ग्रेवाइट
इसके बाद निसान ग्रेवाइट का नंबर आता है, जिसे 21 जनवरी 2026 को लॉन्च किया जाएगा। यह एक कॉम्पैक्ट MPV होगी, जो 10 लाख रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट में निसान की पकड़ मजबूत करेगी। यह रेनो ट्राइबर पर आधारित होगी, लेकिन डिजाइन के मामले में इसे अलग पहचान दी जाएगी। इसमें 8-इंच का टचस्क्रीन, 7-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, छह एयरबैग और TPMS जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलने की संभावना है। इंजन वही पेट्रोल यूनिट हो सकता है जो ट्राइबर में मिलता है।
मारुती सुजुकी ई-विटारा
जनवरी के आखिर तक मारुति सुजुकी ई विटारा भी लॉन्च की जा सकती है। इसके साथ ही मारुति मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में एंट्री करेगी। यह दो बैटरी पैक ऑप्शन में आएगी, जिनकी दावा की गई रेंज 543 किमी तक हो सकती है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला टाटा कर्व EV और हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक से होगा।
टोयोटा अर्बन क्रूजर
मारुति की ई विटारा के साथ ही टोयोटा अर्बन क्रूजर EV भी जनवरी 2026 के अंत तक बाजार में आ सकती है। यह टोयोटा की पहली मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV होगी। हालांकि यह ई विटारा पर आधारित होगी, लेकिन इसकी स्टाइलिंग अलग होगी। फीचर्स और टेक्निकल स्पेसिफिकेशन लगभग समान रहने की उम्मीद है।
फॉक्सवेगन टॉयरान
वहीं फोक्सवैगन टायरॉन R-Line को भी जनवरी के आखिर में लॉन्च किया जा सकता है। यह फोक्सवैगन की नई फ्लैगशिप SUV होगी और टिगुआन से ऊपर के सेगमेंट में आएगी। यह 7-सीटर SUV होगी, जिसमें 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा। इसमें 15-इंच का बड़ा टचस्क्रीन, वेंटिलेटेड और मसाज सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे।
स्कोडा कुशाक
इसके अलावा स्कोडा कुशाक फेसलिफ्ट भी जनवरी के अंत तक दस्तक दे सकती है। इसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर में हल्के बदलाव होंगे, साथ ही ज्यादा फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। मैकेनिकल तौर पर इसमें मौजूदा इंजन ऑप्शन ही बने रहने की संभावना है।
