ऑटो न्यूज़

अब पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी को इलेक्ट्रिक बनाना होगा सस्ता, इन लोगों को फायदा

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 को लेकर अहम जानकारी दी है। इन्होंने कहा कि ईवी की बढ़ी लागत को देखते हुए दिल्ली सरकार रेट्रोफिटिंग को प्रोत्साहन देने की तैयारी कर रही है।

Image

मौजूदा नीति को छह महीने या नई नीति तैयार होने तक बढ़ा देंगे।

KEY HIGHLIGHTS
  • इलेक्ट्रिक वाहनों पर कैलाश गहलोत
  • रेट्रोफिटिंग को प्रोत्साहन देगी सरकार
  • ईवी कन्वर्जन अब होगा काफी सस्ता

Delhi EV Policy: दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 में वाहनों की उच्च लागत को देखते हुए ‘रेट्रोफिटिंग’ को प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘रेट्रोफिटिंग’ का तात्पर्य पुराने वाहन को नई तकनीक या सुविधाओं से लैस करना है। गहलोत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि क्योंकि नई नीति पर काम चल रहा है, इसलिए वे मौजूदा नीति को छह महीने या नई नीति तैयार होने तक बढ़ा देंगे।

हम एक कैबिनेट नोट ला रहे हैं

दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2020 की अवधि इस साल आठ अगस्त को पूरी हो गई थी। तब सरकार ने कहा था कि इसके तहत दी जा रही सब्सिडी नई नीति अधिसूचित होने तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ हम एक कैबिनेट नोट ला रहे हैं और इस सप्ताह के भीतर इसे अंतिम रूप दिया जाना चाहिए। मौजूदा नीति को छह महीने या नई नीति अधिसूचित होने तक बढ़ाया जाएगा।’’

छह लाख रुपये का खर्च आता है

मंत्री ने नई नीति के बारे में बात करते हुए कहा कि एक चीज जिस पर वह गौर करेंगे वह है ‘रेट्रोफिटिंग’ की अवधारणा।

गहलोत ने कहा, "लोग अपने आईसी (आंतरिक दहन) इंजन को इलेक्ट्रिक इंजन में बदलना चाहते हैं। यह प्रक्रिया महंगी है। एक सामान्य जिप्सी में इस तरह के बदलाव में करीब पांच से छह लाख रुपये का खर्च आता है, जो काफी ज्यादा है। हम देखेंगे कि इसे कैसे प्रोत्साहित किया जाए।"

1,500 EVs मेट्रो स्टेशनों पर

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सरकार अंतिम छोर तक संपर्क स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। मंत्री ने कहा, ‘‘ हमने अंतिम-छोर तक संपर्क को मजबूत करने के लिए 3,000 ई-स्कूटर और ई-साइकिल तैनात करने के लिए एक निविदा जारी की है। पहले चरण में 1,500 ऐसे वाहन मेट्रो स्टेशनों पर तैनात किए जाएंगे। हम प्रायोगिक आधार पर द्वारका में परियोजना शुरू कर रहे हैं।’’

TNN Auto Desk
TNN ऑटो डेस्क author

ऑटोमोटिव जगत से जुड़े हर दिलचस्प और महत्वपूर्ण खबर हम यहां आपको समय पर देंगे। चाहे कारें हों या बाइक्स, इलेक्ट्रिक हो या हाईब्रिड सबके बारे में सच्ची और अच्छी जानकारी आपको लगातार मितली रहेगी।

और पढ़ें
End of Article