Citroen E-C3 Launched In India: फ्रांस की कार निर्माता कंपनी सिट्रॉएन ने सी5 और सी3 लॉन्च करने के बाद अब भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार ई-सी3 ईवी लॉन्च कर दी है. सी3 पर आधारित इस इलेक्ट्रिक हैचबैक की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 11.50 लाख रुपये रखी गई है और कंपनी ने इसे चार वेरिएंट्स - लिव, फील, फील वाइब पैक और फील डुअल टोन वाइब पैक में पेश किया है. कार के टॉप मॉडल की कीमत 12.43 लाख रुपये तक जाती है. इसका सीधा मुकाबला टाटा की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार टिआगो ईवी से होने वाला है, हालांकि ये इससे कुछ महंगी है.
सिंगल चार्ज में कितना चलेगी
सिट्रॉएन ई-सी3 ईवी के साथ 29.2 किलोवाट-आर बैटरी पैक दिया गया है जिसकी मदद से सिंगल चार्ज में 320 किमी तक कार को चलाया जा सकता है. कार में लगी इलेक्ट्रिक मोटर 57 पीएस ताकत और 143 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करती है. 6.8 सेकंड में ही 0-60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने वाली ये ईवी 107 किमी/घंटा टॉप स्पीड पर चलाई जा सकती है. कंपनी का दावा है कि डीसी फास्ट चार्जर से करीब 1 घंटे में कार की बैटरी 10-80 फीसदी तक चार्ज हो जाती है.
घरेलू चार्जर से कितना टाइम
घर में लगे 15 एंपियर पावर सॉकेट की मदद से करीब 10 घंटे में कार की बैटरी को 100 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है. स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले ई-सी3 के साथ कुछ फीचर्स अलग से दिए गए हैं जिनमें फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील, 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी और 35 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स शामिल हैं. बता दें कि बतौर इलेक्ट्रिक कार इसमें ना इंजन है ना गियरबॉक्स, ऐसे में गियर लीवर की जगह ड्राइव सिलेक्टर स्विच दिए गए हैं.
