बाइक चाहे कितनी ही प्रीमियम और एडवांस फीचर्स वाली क्यों न हो इसकी सर्विस न करवाई जाए तो इंजन की परफॉर्मेंस खराब हो सकती है और बाइक की माइलेज भी गिर सकती है। हालांकि सवाल यह आता है कि बाइक की सर्विस कितने समय में करवानी चाहिए, जिससे बाइक को लेकर किसी भी तरह की परेशानी न आए।
कितने समय में करवाएं बाइक की सर्विस
आमतौर पर नई बाइक की पहली सर्विस 500 से 1,000 किलोमीटर या 35 से 45 दिनों के भीतर करवाने की सलाह दी जाती है। इसके बाद आगे की सर्विस 3,000–4,000 किलोमीटर और 6,000 किलोमीटर तक करवाई जा सकती है। बाइक को लेकर यह जानकारी बाइक निर्माता कंपनी की सर्विस बुक में भी दी जाती है, जिसे फॉलो किया जा सकता है।
सर्विस बाइक चलाने पर निर्भर
हालांकि बाइक की सर्विस बहुत हद तक बाइक चलाने पर भी निर्भर करती है। अगर बाइक का इस्तेमाल रोजाना हो रहा है तो हर 2–3 महीने या 2,500–3,000 किलोमीटर के अंतराल पर सर्विस करवाने की सलाह दी जाती है। वहीं, अगर आप उन लोगों में से जिनके पास बाइक तो है, लेकिन इसका इस्तेमाल कम ही करते हैं तो आप 6 महीने में एक बार बाइक की सर्विस करवा सकते हैं।
बाइक सर्विस के फायदे
बाइक सर्विस के दौरान इंजन ऑयल बदलना, चेन की सफाई और लुब्रिकेशन, ब्रेक चेक करना, टायर प्रेशर और एयर फिल्टर की जांच की जाती है। कुल मिलाकर सर्विस से बाइक स्मूद चलती है, माइलेज बेहतर रहता है और अचानक खराब होने की संभावना कम हो जाती है। समय पर सर्विस करवाने से बाइक की लाइफ बढ़ती है और बड़े रिपेयर से बचा जा सकता है। अगर आप अच्छी कंडीशन में बाइक चलाते हैं तो सुरक्षा भी बनी रहती है, खासकर ब्रेक और टायर सही होने से एक्सीडेंट का खतरा कम होता है।
सर्विस न करवाने के नुकसान
वहीं, अगर आप उन बाइक चालकों में से हैं, जो बाइक की सर्विसिंग को एक झंझट मानते हैं और इसे टालते रहते हैं तो इसके नुकसान समझना भी जरूरी है। लंबे समय तक सर्विस न करवाने से बाइक का इंजन ऑयल खराब हो जाता है, जिससे इंजन पर नकारात्मक असर पड़ता है।
