ऑटो कंपनियों को GST कटौती का बंपर लाभ मिल रहा है। सरकार ने गाड़ियों पर जीएसटी की दर 28% से घटाकर 18% करने का ऐलएन किया था। इससे तमाम एसयूवी से लेकर कार की कीमत में बड़ी कमी आई है। इसके चलते गाड़ियों की बंपर बिक्री हो रही है। त्योहारी सीजन में रिकॉर्ड बिक्री का सिलसिला अभी भी चल रहा है। नवंबर महीने में मारुति, टाटा समेत तमाम गाड़ियों की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुई है। आइए जानते हैं कि किस ऑटो कंपनियों की ब्रिक्री नंवंबर में कितनी बढ़ी या घटी।
टाटा सियरा
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 26% बढ़ी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने सोमवार को बताया कि नवंबर में उसकी बिक्री सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 59,199 इकाई हो गई।
कंपनी ने पिछले साल नवंबर में डीलरों को 47,117 वाहन भेजे थे। टाटा मोटर्स ने कहा कि घरेलू बाजार में उसकी बिक्री नवंबर, 2024 के 47,063 इकाई से 22 प्रतिशत बढ़कर नवंबर, 2025 में 57,436 इकाई हो गई। वाणिज्यिक वाहन व्यवसाय का संचालन करने वाली टाटा मोटर्स ने एक अलग बयान में बताया कि इस साल नवंबर में उसकी बिक्री सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 35,539 इकाई रही। इस दौरान घरेलू बिक्री में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
मारुति की नवंबर में बिक्री 26% बढ़ी
मारुति सुजुकी इंडिया की नवंबर में कुल वाहन बिक्री सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 2,29,021 इकाई हो गई। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 1,81,531 वाहन बेचे थे। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने सोमवार को बयान में कहा कि घरेलू थोक बिक्री सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 1,70,971 इकाई हो गई जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 1,41,312 इकाई थी।
ऑल्टो व एस-प्रेसो समेत छोटी कारों की बिक्री नवंबर, 2024 के 9,750 इकाई से बढ़कर 12,347 वाहन हो गई। बलेनो, डिजायर, इग्निस और स्विफ्ट सहित कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री 61,373 इकाइयों से बढ़कर 72,926 इकाई हो गई।
टोयोटा की बिक्री 19 प्रतिशत बढ़ी
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की थोक बिक्री नवंबर में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 30,085 इकाई हो गई। कंपनी ने नवंबर 2024 में 25,182 इकाइयां बेची थीं।
महिंद्रा की वाहन बिक्री 19 प्रतिशत बढ़ी
वाहन विनिर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा की नवंबर में कुल बिक्री सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 92,670 इकाई हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने सोमवार को बयान में कहा कि यात्री वाहन खंड में कंपनी ने घरेलू बाजार में 56,336 वाहन बेचे, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 46,222 वाहनों की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 24,843 इकाई हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा के ‘कृषि उपकरण व्यवसाय’ ने पिछले महीने घरेलू बाजार में 42,273 ट्रैक्टर बेचे। यह नवंबर 2024 के 31,746 ट्रैक्टर से 33 प्रतिशत अधिक है।
बजाज ऑटो की बिक्री घटी
बजाज ऑटो की नवंबर में घरेलू दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर एक प्रतिशत घटकर 2,02,510 इकाई रह गई। नवंबर 2024 में यह 2,03,611 इकाई थी। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि निर्यात सहित वाहनों की कुल थोक बिक्री नवंबर में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 4,53,273 इकाई हो गई। पिछले साल नवंबर में 4,21,640 वाहन बेचे गए थे।
