ऑटो न्यूज़

त्योहारों के बाद भी टॉप गियर में गाड़ियों की बिक्री, लेकिन बाइक की मांग घटी, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Auto Sales: फाडा ने कहा, अगले तीन महीनों में भारत की मोटर वाहन खुदरा बिक्री का आउटलुक पॉजिटिव बना हुआ है। इसके पीछे जीएसटी में कटौती, ग्रामीण आर्थिक संकेतकों में सुधार है। उद्योग निकाय ने कहा कि जनवरी में अपेक्षित मूल्य वृद्धि, 2026 में नए मॉडलों की पेशकश और विवाह संबंधी मांग से बिक्री को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Image

गाड़ियों की बिक्री

Auto Sales: सरकार द्वारा गाड़ियों पर GST घटाने से कार, बाइक समेत तमाम व्हीकल्स की कीमतें कम हुई है। इसका असर ये हुआ है कि गाड़ियों की मांग में जबरदस्त वृद्धि हुई है। त्योहारी सीजन खत्म हो जाने के बाद भी गाड़ियों की बिक्री टॉप गियर में बनी हुई है। वहान डीलर के संगठन फाडा के अनुसार, त्योहारों के बाद वाहनों की खुदरा बिक्री में तेजी बनी रही और नवंबर में रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर दो प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसे यात्री वाहनों, तिपहिया वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों और ट्रैक्टर की मजबूत मांग से बल मिला। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अनुसार, नवंबर 2024 में 32,31,526 इकाइयों की तुलना में पिछले महीने कुल खुदरा बिक्री बढ़कर 33,00,832 इकाई हो गई।

पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 20% बढ़ी

फाडा के अनुसार, नवंबर में पैसेंजर व्हीकल का रजिस्ट्रेशन 20 प्रतिशत बढ़कर 3,94,152 इकाई हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 3,29,253 इकाई से अधिक है। जीएसटी में कटौती, शादियों के सीजन के चलते मांग, वेटिंग पीरियड कम होने और कॉम्पैक्ट एसयूवी से निरंतर बढ़ावा के कारण इस खंड में वृद्धि देखी गई। फाडा ने कहा कि कमर्शियल व्हीकल का रजिस्ट्रेशन पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़कर 94,935 इकाई हो गया। इसे चुनिंदा बुनियादी ढांचा गतिविधियों, माल ढुलाई, सरकारी निविदा चक्रों और जीएसटी सुधारों से समर्थन मिला।

बाइक की बिक्री घटी

नवंबर में बाइक की खुदरा बिक्री में पिछले साल की तुलना में तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,46,184 इकाई रह गई। इसी तरह, नवंबर में तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री नवंबर 2024 के 1,08,317 इकाइयों की तुलना में सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर 1,33,951 इकाई हो गई। उद्योग निकाय ने बताया कि ट्रैक्टर पंजीकरण में पिछले महीने सालाना आधार पर 57 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। यह नवंबर 2024 की 80,507 इकाइयों की तुलना में पिछले महीने 1,26,033 इकाई रहा।

आने वाले महीनों में मांग बनी रहेगी

इस प्रकार, वाहनों का भंडार (स्टॉक) का समय 53-55 दिन से घटकर 44-46 दिन रह गया जो बेहतर मांग-आपूर्ति अनुशासन का संकेत है।

नवंबर में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,46,184 इकाई रही।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article