सर्दियों में घट जाती है कार की माइलेज, ये टिप्स आएंगी आपके काम
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 7, 2026, 10:09 AM IST
सर्दियों में कई तकनीकी कारणों से कार की माइलेज घट सकती है। अगर आप भी रोजाना कार ड्राइव करते हैं और कार की माइलेज घटने की परेशानी आ रही है तो टायर प्रेशर की नियमित जांच और सही इंजन ऑयल का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।
सर्दियों में कार माइलेज कैसे बनाए रखें (Photo : iStock)
ठंड के इन दिनों में कार ड्राइव करते हैं तो कार की माइलेज को लेकर जरूर फर्क महसूस करते होंगे। दरअसल, सर्दियों में कई कारणों से कार की माइलेज घट सकती है। कार की माइलेज घटने के पीछे कई बार कुछ तकनीकी कारण होते हैं। इंजन को गर्म होने में ज्यादा समय लगना, कम टायर प्रेशर से रोलिंग रजिस्टेंस का बढ़ना और हीटर और डीफॉगर के ज्यादा इस्तेमाल से फ्यूल खपत बढ़ना माइलेज कम होने की वजह बनते हैं। हालांकि कुछ टिप्स को फॉलो कर कार की माइलेज को बढ़ाया जा सकता है।
टायर प्रेशर पर दें ध्यान
सर्दियों में ठंडी हवा का असर टायर की हवा पर पड़ता है और टायर प्रेशर कम हो जाता है। कम हवा वाले टायर सड़क से ज्यादा घिसते हैं और रोलिंग रेजिस्टेंस बढ़ता है। यानी इंजन को गाड़ी को चलाने के लिए ज्यादा मेहनत लगती है और ज्यादा फ्यूल खर्च होता है। इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार टायर प्रेशर चेक कर लेने की सलाह दी जाती है। साथ ही, इसे कंपनी द्वारा बताए गए लेवल पर भी रखना चाहिए।
इलेक्ट्रिकल फीचर्स का समझदारी से इस्तेमाल
सर्दियों में हीटर, डीफॉगर और कई दूसरे इलेक्ट्रिकल फीचर्स का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल होता है। इन फीचर्स के साथ कार में आराम तो मिलता है, लेकिन इंजन पर अधिक लोड भी पड़ता है। इसलिए इन सभी फीचर्स का जरूरत के हिसाब और समझदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।
स्मूथ ड्राइविंग का रखें ध्यान
सर्दियों में तेज एक्सेलरेशन और अचानक ब्रेक लगाना भी आपकी कार की माइलेज को गिरा सकता है। ठंड के इन दिनों में इंजन पहले से ही ज्यादा फ्यूल लेता है, ऐसे में स्मूथ ड्राइविंग और भी जरूरी हो जाती है। कार की माइलेज ठीक बनी रहे इसके लिए एक समान गति बनाए रखने और जरूरत से ज्यादा स्पीड से बचने की सलाह दी जाती है।
सही इंजन ऑयल और समय पर सर्विस
सर्दियों में गाढ़े या पुराने इंजन ऑयल के इस्तेमाल से इंजन पर अधिक दबाव पड़ता है और फ्यूल की खपत बढ़ती है। इसलिए माइलेज को बनाए रखने के लिए कार कंपनी द्वारा सुझाए गए ग्रेड का इंजन ऑयल इस्तेमाल करने और समय पर सर्विस करवाते रहने की सलाह दी जाती है।