BYD Blade Battery 2.0: BYD की ओर से हाल ही में सेकंड जेनरेशन ब्लेड बैटरी और फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी पेश की गई है। कंपनी का दावा है कि इस टेक्नोलॉजी के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़ी दो परेशानियां स्लो चार्जिंग स्पीड और खराब लो-टेम्प्रेचर चार्जिंग परफॉर्मेंस खत्म हो जाती है। कंपनी ने इन तकनीकों के साथ चार्जिंग स्पीड को लेकर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड सेट किया है। बैटरी को मात्र 5 मिनट में 10-70 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है, जबकि 9 मिनट में बैटरी 97 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है। कंपनी का कहना है कि बैटरी को अत्यधिक ठंडे तापमान जैसे -30°C में भी 20% से 97% तक चार्ज होने में केवल 3 मिनट का अतिरिक्त समय लगता है।
ब्लेड बैटरी (Blade Battery) क्या है
ब्लेड बैटरी एक लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) आधारित बैटरी है, जिसे BYD ने 29 वर्षों के रिसर्च और विकास के बाद तैयार किया है। यह बैटरी विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों और प्लग-इन हाइब्रिड कारों के लिए बनाई गई है और इसे अधिक सुरक्षित और स्टेबल बनाने के लिए अलग तरह की स्ट्रक्चर का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कार के लिए दुनिया की सबसे सुरक्षित और विश्वसनीय बैटरी है। इतना ही नहीं, इस खास बैटरी का इस्तेमाल कंपनी के कई इलेक्ट्रिक मॉडल्स में किया जा रहा है।
सुरक्षा के मामले में खास
इस बैटरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी सुरक्षा है। ब्लेड बैटरी ने “नेल पेनिट्रेशन टेस्ट (nail penetration test) जैसे कठोर सेफ्टी टेस्टिंग को सफलतापूर्वक पास किया है। यह टेस्टिंग किसी गंभीर दुर्घटना की स्थिति को दर्शाती है, जब किसी धातु की वस्तु बैटरी को नुकसान पहुंचा सकती है। इस टेस्टिंग के दौरान ब्लेड बैटरी में न तो आग लगी और न ही धुआं निकला और इसका तापमान लगभग 30 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
लंबी उम्र और बेहतर प्रदर्शन
ब्लेड बैटरी की लाइफ भी काफी लंबी बताई जा रही है। यह 5,000 से अधिक चार्ज-डिस्चार्ज साइकल तक काम कर सकती है, जिससे यह पारंपरिक बैटरियों की तुलना में अधिक समय तक चलती है। इसके अलावा, यह समय के साथ अपनी क्षमता को बेहतर तरीके से बनाए रखती है, जिससे व्हीकल की परफॉर्मेंस लंबे समय तक स्थिर बनी रहती है।
ज्यादा रेंज और बेहतर स्पेस उपयोग
इस बैटरी की डिजाइन भी अलग है। इसकी पतली और लंबी ब्लेड जैसी संरचना बैटरी पैक के अंदर अधिक जगह का उपयोग करने में मदद करती है। इसके कारण पारंपरिक बैटरी पैक की तुलना में लगभग 50% अधिक स्पेस का उपयोग किया जा सकता है, जिससे ऊर्जा घनत्व बढ़ता है और वाहन को अधिक ड्राइविंग रेंज मिलती है।
