ऑटो न्यूज़

BYD 9 जून को ला रही कमाल की कार, बिना रुके दिल्ली से पटना तक का हो जाएगा सफर

अगर हम कहें कि आप कार से एक बार में बिना रुके दिल्ली से पटना तक का सफर पूरा कर लेगें तो आपको इस पर यकीन नहीं होगा। दरअसल, BYD 9 जून को एक ऐसी ही कार लेकर आ रही है, जो 1000 किलोमीटर की रेंज देगी।

Image

BYD ATTO 2 DM-i (X handle/@BYDCompany)

चीनी ऑटो कंपनी BYD अपने ग्राहकों के लिए 9 जून को Plug-in Hybrid Electric Vehicle (PHEV) लॉन्च करने जा रही है। यह भारत की पहली प्लग-इन हाइब्रिड कार होगी। अब तक भारत में BYD केवल इलेक्ट्रिक कारें बेचती रही है, लेकिन आने वाली नई एसयूवी के साथ कंपनी पहली बार हाइब्रिड सेगमेंट में एंट्री लेने जा रही है।

क्या होती है प्लग-इन हाइब्रिड कार

प्लग-इन हाइब्रिड कार (Plug-in Hybrid Electric Vehicle - PHEV) एक ऐसी कार होती है जिसमें पेट्रोल/डीजल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों होते हैं। इसे सामान्य हाइब्रिड कार की तरह चलाया जा सकता है, लेकिन इसकी बैटरी को चार्जर से भी चार्ज किया जा सकता है। यह कार कुछ इस तरह से काम करेगी कि बैटरी चार्ज होने पर कुछ दूरी तक कार सिर्फ बिजली से चल सकती है। वहीं, बैटरी कम होने पर पेट्रोल इंजन काम करने लगेगा। वहीं, जरूरत पड़ने पर इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों मिलकर बेहतर परफॉर्मेंस देंगे।

इस कार की सबसे खास बात यह है कि यह प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी एक बार फुल चार्ज और फुल फ्यूल टैंक के साथ 1,000 किलोमीटर से अधिक की संयुक्त रेंज देने का दावा करती है। यही वजह है कि इस मॉडल को लेकर भारतीय ग्राहकों और ऑटो इंडस्ट्री में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।

किस नाम से आएगा मॉडल

हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मॉडल का नाम नहीं बताया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे मजबूत दावेदार BYD Sealion 6 और BYD Atto 2 DM-i माने जा रहे हैं। BYD ने हाल ही में भारत में अपने DM-i Plug-in Hybrid सिस्टम को टीज किया था, जिससे संकेत मिले हैं कि इन दोनों में से कोई एक मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकता है।

क्या है DM-i Hybrid टेक्नोलॉजी?

BYD की DM-i (Dual Mode Intelligent) तकनीक पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन है। यह सिस्टम शहर में इलेक्ट्रिक मोड पर ड्राइविंग की सुविधा देता है, जबकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पेट्रोल इंजन अतिरिक्त रेंज प्रदान करता है। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ड्राइवर को बार-बार चार्जिंग स्टेशन खोजने की जरूरत नहीं पड़ती। रोजाना इस्तेमाल में गाड़ी अधिकतर समय बिजली से चल सकती है, जबकि लंबी यात्राओं में पेट्रोल इंजन बैकअप का काम करता है।

नई BYD SUV उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो कम रनिंग कॉस्ट, बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी और लंबी दूरी की यात्रा में अधिक भरोसेमंद विकल्प चाहते हैं। हालांकि, कार की कीमत से जुड़ी जानकारियां भी लॉन्च के साथ ही आधिकारिक तौर पर सामने आएंगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article