फरवरी का महीना भारतीय कार बाजार के लिए बेहद शानदार रहा है। अगर आप भी नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो यह जान लें कि इस समय सड़कों पर एसयूवी (SUV) और नई टेक्नोलॉजी वाली गाड़ियों की धूम है। महिंद्रा से लेकर हुंडई तक, लगभग हर बड़ी कंपनी ने इस साल अपनी बिक्री के पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। चलिए जानते हैं कि पिछले महीने फरवरी में किस कंपनी ने कैसा प्रदर्शन किया और ग्राहकों ने किन गाड़ियों पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया।
महिंद्रा एंड महिंद्रा
बिक्री के आंकड़ों में इस बार महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बाजी मारी है। कंपनी ने फरवरी 2026 में कुल 97,177 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के मुकाबले 18% की मजबूत बढ़त है। इस शानदार प्रदर्शन में SUV सेगमेंट का सबसे बड़ा योगदान रहा। घरेलू बाजार में कंपनी ने 60,018 SUVs बेचीं, जो 19% की ग्रोथ दर्शाती है। इसके अलावा, कमर्शियल वाहनों और तीन-पहिया वाहनों की बिक्री में भी तेज उछाल देखने को मिला है। मजबूत मांग और लोकप्रिय SUV लाइनअप के कारण महिंद्रा की बिक्री लगातार बढ़ रही है।
हुंडई मोटर इंडिया
हुंडई मोटर इंडिया के लिए भी फरवरी का महीना इतिहास रचने वाला रहा। कंपनी ने 66,134 यूनिट की कुल बिक्री दर्ज कर अब तक का सबसे ज्यादा 'फरवरी सेल्स रिकॉर्ड' बनाया है। यह पिछले साल के मुकाबले 12.6% की बढ़ोतरी है। घरेलू बाजार में कंपनी ने 52,407 यूनिट बेचे, जो किसी भी फरवरी महीने की सबसे ज्यादा घरेलू बिक्री है। हुंडई की गाड़ियों में एडवांस टेक्नोलॉजी और कनेक्टेड फीचर्स को ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं।
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने भी फरवरी 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कुल 63,331 यूनिट की बिक्री दर्ज की। यह पिछले साल के 46,811 यूनिट के मुकाबले करीब 57% की भारी बढ़त है। कंपनी की इस ग्रोथ के पीछे उनका मजबूत इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पोर्टफोलियो और नए मॉडल्स की लोकप्रियता है। टाटा की घरेलू बाजार में बिक्री 34% की ग्रोथ के साथ 62,329 गाड़ियां रही।
किआ इंडिया
किआ इंडिया ने फरवरी 2026 में 27,610 गाड़ियों की बिक्री के साथ अब तक की अपनी सबसे ज्यादा मासिक बिक्री दर्ज की है। यह पिछले साल के मुकाबले 10.3% ज्यादा है। नई किआ सेल्टोस (Seltos) को शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जबकि सोनेट (Sonet) कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में अपनी पकड़ बनाए हुए है। ग्राहकों को कंपनी की एडवांस टेक्नोलॉजी और सेफ्टी फीचर्स काफी लुभा रहे हैं।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने फरवरी 2026 में कुल 34,034 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 20% ज्यादा है। घरेलू बाजार में कंपनी ने 30,737 यूनिट बेचे, जिसमें 16% की ग्रोथ रही। ग्राहकों का भरोसा, गाड़ी की क्वालिटी और रिलायबिलिटी (Reliability) टोयोटा की सफलता के मुख्य कारण हैं।
रेनो इंडिया
रेनो इंडिया ने फरवरी 2026 में 3,495 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 31% की मजबूत बढ़ोतरी है। नई काइगर (Kiger) और ट्राइबर (Triber) मॉडल की मजबूत मांग ने इस बढ़त में अहम भूमिका निभाई है।
