Budget 2023 Scrappage Policy: बजट 2023-24 संसद में पेश किया जा रहा है और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों को सड़क से हटाने का ऐलान कर दिया है. लंबे समय से केंद्रा सरकार, खासतौर पर सड़क परिवहन एवं हाइवे मंत्री नितिन गडकरी समय-समय पर इस बारे में जानकारी देते रहे हैं. हाल में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि प्रदूषण फैलाने वाले 9 लाख से ज्यादा सरकारी वाहनों को बदलने का काम सरकार करने वाली है. इसके अलावा 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को भी बंद करने का काम जारी है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों को सड़क से हटाने का ऐलान कर दिया है.
स्क्रैप नीति के लिए कोष मिलेगा
बजट 2023-24 में वित्त मंत्री ने कहा कि पुरानी गाड़ियों के लिए स्क्रैप नीति पर सरकार काम कर रही है ताकि पर्यावरण को साफ-सुथरा रखा जा सके. इसके लिए सरकार राज्यों को पुराने वाहन बदलने के लिए सहायता देने का काम भी कर रही है. बता दें कि भारतीय संदर्भ में सबसे ज्यादा प्रदूर्षण फैलाने वाले कारणों में एक पुराने वाहन भी हैं जो भारी प्रदूषण फैलाकर पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाते आ रहे हैं. वित्त मंत्री ने कहा कि वाहनों को कबाड़ बनाने की नीति के लिए पर्याप्त कोष का प्रावधान किया जाएगा.
ग्रीन ईंधन पर होगा फोकस
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ग्रीन फ्यूल यानी बायो ईंधन के बारे में बात करते हुए कहा कि जीवाश्म ईंधन यानी फॉसिल फ्यूल के इस्तेमाल को बड़ी संख्या में घटाना होगा, इसके अलावा ग्रीन फ्यूल पर भी सरकार का फोकस होगा जिसमें ईथेनॉल से लेकर हाइड्रोजन फ्यूल शामिल हैं. गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी लंबे समय से वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल पर जोर डाल रहे हैं, उनकी मानें तो सिर्फ कच्चे तेल के आयात को कम करने से कई लाख करोड़ रुपये का खर्च बचाया जा सकता है.
