BNCAP Safety Rating Lable Released: भारत सरकार ने मेड-इन-इंडिया कारों के लिए बीएनसीएपी सेफ्टी रेटिंग देने की जानकारी 22 अगस्त 2023 को दी थी। कई कारों का क्रैश टेस्ट करने के बाद अब बीएनसीएपी ने अपना सेफ्टी रेटिंग लेबल जारी कर दिया है जो ग्लोबल और यूरो एनकैप जैसा ही है। सरकार ने बीएनसीएपी तैयार किया है जिसके बाद देश में बनी कारों का क्रैश टेस्ट भारत में ही किया जाएगा, कहा जाए तो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऑटो जगत इंडस्ट्री के लिए उठाया ये एक बड़ा कदम है। सरकार के इस कदम से वाहन निर्माताओं पर कारों के साथ इन बिल्ट सेफ्टी फीचर्स देने का दबाव बढ़ेगा और ग्राहकों को सुरक्षित कारें चुनने में मदद मिलेगी।
बीएनसीएपी ने अपना सेफ्टी रेटिंग लेबल जारी कर दिया है जो ग्लोबल और यूरो एनकैप जैसा ही है।
क्या काम करेगा BNCAP?
भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत नई गाड़ियों का क्रैश टेस्ट करके देखा जाएगा और उनकी सुरक्षा के लिए शून्य से 5 सितारा तक रेटिंग दी जाएगी। बीएनसीएपी कारों के टेस्ट रिजल्ट और सेफ्टी रेटिंग अपेक्स कमेटी की मंजूरी के बाद अपनी वेबसाइट पर दिखाएगा, इस अपेक्स कमेटी को केंद्रा सरकार द्वारा गठित किया जाएगा। शुरुआती दौर में ये सेफ्टी रेटिंग स्वैच्छिक तौर पर दी जाएगी और सैंपल के लिए वाहन निर्माता खुद कार मुहैया करा सकते हैं, या फिर बीएनसीएन डीलर के शोरूम से खुद चुन सकता है।
विदेश नहीं भेजनी होगी कार
अब भारत में बनने वाली कारों की सेफ्टी रेटिंग जानने के लिए निर्माताओं को गाड़ियां विदेश नहीं भेजनी होगी। ये काम भारतीय वाहन निर्माताओं को काफी महंगा पड़ता है और बीएनसीएपी आने के बाद उन्हें देश में ही अपनी कारों के लिए सेफ्टी रेटिंग मिल जाएगी। फिलहाल भारत में कारों की सेफ्टी के लिए क्रैश टेस्ट नियम अनिवार्य हैं और यहां मिलने वाली स्टार रेटिंग उत्तम मानकों वाली होगी। ये रेटिंग तीन फीचर्स पर आधारित होगी जिनमें वयस्कों की सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा और सेफ्टी असिस्ट तकनीक शामिल हैं।
