ऑटो न्यूज़

BMW, फॉक्सवैगन, Mercedes और Audi की गाड़ियां भारत में होंगी लाखों रुपये सस्ती, जानिए पूरा कारण

सूत्रों के मुताबिक, भारत ने यूरोपियन यूनियन से इंपोर्ट होने वाली कारों पर टैरिफ को 110% से घटाकर 40% करने का प्लान बनाया है। यह देश के बड़े मार्केट को खोलने की अब तक की सबसे बड़ी पहल है, क्योंकि दोनों पक्ष एक फ्री ट्रेड पैक्ट पर बातचीत पूरी करने वाले हैं।

BMW, फॉक्सवैगन, Mercedes और Audi

BMW, फॉक्सवैगन, Mercedes और Audi

भारत और 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच 27 जनवरी यानी कल मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने जा रहा है। अगले कुछ महीने में यह डील अमल में आ जाएगा। इसके लागू होने पर कपड़ा और जूते-चप्पल के साथ-साथ कारों और वाइन पर आयात शुल्क में कटौती की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारत लग्जरी गाड़ियों पर टैक्स घटाकर 10% कर देगा। इस फैसले से BMW, फॉक्सवैगन, Mercedes और Audi जैसी यूरोपीय महंंगी गाड़ी की कीमत भारत में लाखों रुपये कम हो जाएगी, जिससे फॉक्सवैगन, मर्सिडीज-बेंज और BMW जैसी यूरोपीय ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए भारतीय बाजार में पहुंच आसान हो जाएगी।

इन सेक्टर की भी होगी बल्ले-बल्ले

सूत्रों ने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया क्योंकि बातचीत गोपनीय है और इसमें आखिरी समय में बदलाव हो सकते हैं। भारत के वाणिज्य मंत्रालय और यूरोपीय आयोग ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस समझौते में कई सेवा क्षेत्रों के नियमों में ढील दिए जाने की भी उम्मीद है।

भारत ने अपने श्रम-प्रधान क्षेत्रों जैसे कपड़ा, चमड़ा, परिधान, रत्न एवं आभूषण और हस्तशिल्प के लिए शून्य-शुल्क पहुंच पर जोर दिया है। भारत द्वारा यूके, यूएई और ऑस्ट्रेलिया के साथ किए गए पिछले व्यापार समझौतों में भी यह एक प्रमुख मांग रही है जिसे स्वीकार किया गया है।

ऑस्ट्रेलियाई और ब्रिटेन की तर्ज पर समझौता

दूसरी ओर, यूरोपीय संघ अपने ऑटोमोबाइल और वाइन सहित मादक पेय पदार्थों के लिए शुल्क में कटौती की मांग कर रहा है। भारत ने ब्रिटेन के साथ अपने व्यापार समझौते में ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए कोटा-आधारित रियायतें दी हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ समझौतों में वाइन को शामिल किया गया है। भारत ने ऑस्ट्रेलियाई वाइन को 10 वर्षों की अवधि में चरणबद्ध तरीके से शुल्क रियायतें प्रदान की हैं। पिछले साल सितंबर में वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा था कि यूरोपीय संघ के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौता घरेलू ऑटो उद्योग के लिए निर्यात बढ़ाने और यूरोपीय दिग्गजों के साथ नयी साझेदारी के बड़े अवसर प्रदान करेगा। मई 2025 में हस्ताक्षरित भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत, दोनों पक्षों के बीच कोटा के तहत ऑटोमोटिव आयात पर शुल्क 100 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

भारत ने अपने संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) में पर्याप्त सुरक्षा उपाय शामिल किए हैं। ऑटोमोबाइल क्षेत्र के मामले में, आयात शुल्क में अगले 10 से 15 वर्षों की अवधि में कटौती की जाएगी।

18 वर्षों के बाद हो रहा यह समझौता

भारत और यूरोपीय संघ 27 जनवरी को 18 वर्षों की लंबी बातचीत के बाद एफटीए के संपन्न होने की घोषणा करने वाले हैं। यह बातचीत 2007 में शुरू हुई थी। यूरोपीय संघ में भारतीय सामानों पर औसत शुल्क 3.8 प्रतिशत है, लेकिन श्रम-प्रधान क्षेत्रों पर यह लगभग 10 प्रतिशत है। वहीं, यूरोपीय संघ के सामानों पर भारत का औसत शुल्क 9.3 प्रतिशत है, जिसमें ऑटोमोबाइल (35.5 प्रतिशत) और रसायनों पर उच्च शुल्क शामिल है। भारत मादक पेय पदार्थों पर 100-125 प्रतिशत शुल्क लगाता है। संवेदनशील कृषि मुद्दों को इस सौदे से बाहर रखा गया है। यूरोपीय संघ अपने बीफ, चीनी और चावल बाजार को लेकर सुरक्षात्मक रहा है, जबकि भारत ने अपने डेयरी और कृषि क्षेत्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा से बचाया है ताकि छोटे किसानों की आजीविका प्रभावित न हो।

आलोक कुमार
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article