BMW Motorrad ने अपनी नई सुपरस्पोर्ट मोटरसाइकिल BMW F 450 RR को पेश कर दिया है। कंपनी की नई F 450 सीरीज की यह बाइक BMW S 1000 RR से इंस्पायर्ड डिजाइन और आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ लाई गई है। इसे उन राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो हल्की, दमदार और स्पोर्टी मोटरसाइकिल चाहते हैं।
BMW F 450 RR सुपरस्पोर्ट मोटरसाइकिल से पर्दा उठा
BMW F 450 RR का डिजाइन और लुक
S 1000 RR से इंस्पायर्ड है डिजाइन
BMW F 450 RR का डिजाइन कंपनी की फ्लैगशिप सुपरस्पोर्ट बाइक S 1000 RR से इंस्पायर्ड है। इसमें फुल फेयरिंग, बड़े विंगलेट्स और आगे की ओर झुका हुआ फ्रंट डिजाइन मिलता है। बाइक का पिछला हिस्सा उठा हुआ है, जिससे इसका लुक ज्यादा स्पोर्टी नजर आता है। इसके अलावा, असिमेट्रिकल साइड फेयरिंग पैनल और दाईं तरफ दिए गए गिल्स इसे अलग पहचान देते हैं। इसमें LED हेडलाइट और खास डिजाइन वाले डे-टाइम रनिंग लैंप भी मिलते हैं। इस बाइक को चार वेरिएंट में पेश किया गया है, जिनमें Base, Sport, M Sport और M Sport with Innovation Package शामिल हैं। इन वेरिएंट में फीचर्स और इक्विपमेंट के हिसाब से अंतर मिलता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
BMW F 450 RR में 420cc का फ्यूल-इंजेक्टेड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,750 rpm पर 48 hp की पावर और 6,750 rpm पर 43 Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 135-डिग्री क्रैंकपिन ऑफसेट दिया गया है, जो इंजन की पावर डिलीवरी और आवाज को खास बनाता है। कंपनी के अनुसार, 3,000 rpm पर ही अधिकतम टॉर्क का 80 फीसदी उपलब्ध हो जाता है।
इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। Sport और M Sport वेरिएंट में Shift Assistant Pro दिया गया है, जिसकी मदद से क्लच लीवर इस्तेमाल किए बिना गियर ऊपर और नीचे बदले जा सकते हैं। बाइक का वजन 177 किलोग्राम है, जबकि Easy Ride Clutch के साथ यह 178 किलोग्राम हो जाता है।
TFT डिस्प्ले और राइडिंग फीचर्स
बाइक में 6.5 इंच का कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है, जिससे राइडर को जरूरी जानकारी मिलती है। इसमें फोन कॉल, म्यूजिक और नेविगेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके कॉकपिट में USB-C चार्जिंग पोर्ट मिलता है।
M Sport वेरिएंट में Riding Modes Pro और Sport सस्पेंशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। वहीं, Innovation Package वाले M Sport वेरिएंट में Easy Ride Clutch भी मिलता है। बाइक में 14 लीटर का फ्यूल टैंक है और कंपनी के मुताबिक, इसकी ईंधन खपत 3.8 लीटर प्रति 100 किलोमीटर है। इससे एक टैंक में 350 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज मिल सकती है।
भारत में कब होगी लॉन्च?
BMW Motorrad ने फिलहाल BMW F 450 RR की भारत में लॉन्चिंग डेट और भारतीय कीमत का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इसकी लॉन्चिंग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।
