ऑटो न्यूज़

आपकी इन गलतियों की वजह से चोरी हो सकती है बाइक, भूलकर भी न करें ये काम

Bike Theft Prevention Tips: एक सही तैयारी के साथ रोजमर्रा की जरूरत के लिए बाइक खरीदना तो आसान है लेकिन इसे सहेज कर रखा जाना भी बेहद जरूरी है। आपकी एक गलती और बाइक चोरी होते देर नहीं लगती। हालांकि, कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए तो बाइक का इस्तेमाल लंबे समय तक बिना चोरी के डर के किया जा सकता है।

Bike Theft Prevention

Bike Theft Prevention Tips (Photo : iStock)

Bike Theft Prevention Tips: आज के समय में बाइक हर दूसरे व्यक्ति के लिए रोजमर्रा की जरूरत बन गई है। घर के बाहर निकलने के साथ ही बाइक से हर दूसरा काम आसानी से पूरा हो जाता है। एक सही प्लानिंग के साथ बाइक खरीदना तो आसान है लेकिन उसे सहेज कर रखना किसी बड़ी जिम्मेदारी से कम नहीं है। जरा-सी लापरवाही और बाइक चोरी होते देर नहीं लगती। हालांकि, कुछ छोटी लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए तो आप अपनी बाइक को चोरी होने से बचा सकते हैं-

सुरक्षित जगह पार्किंग

बाइक चोरी न हो इसके लिए इसकी पार्किंग सही जगह होना जरूरी है। पार्किंग के लिए रोशनी और लोगों की आवाजाही वाली जगह को ही चुना जाना चाहिए। सुनसान इलाकों, खाली प्लॉट या अंधेरी गलियों में बाइक पार्क करने से बचने की सलाह दी जाती है। आप CCTV कैमरे वाली पार्किंग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

कवर का इस्तेमाल

बाइक को पार्क करने के साथ ही उसे कवर करना भी मददगार साबित हो सकता है। कवर लगाने से बाइक की पहचान छिपी रहती है और चोरों का ध्यान कम आकर्षित होता है। यह एक छोटा लेकिन प्रभावी उपाय है।

स्टीयरिंग लॉक और डिस्क लॉक

बाइक की स्टीयरिंग लॉक सुविधा का इस्तेमाल जरूर करें। इसके अलावा, डिस्क लॉक या चेन लॉक जैसी अतिरिक्त सुरक्षा डिवाइस लगाना फायदेमंद साबित हो सकता है। इससे बाइक को आसानी से ले जाना चोरों के लिए मुश्किल हो जाता है।

अलार्म सिस्टम या GPS ट्रैकर

आजकल मार्केट में कई एडवांस अलार्म सिस्टम और GPS ट्रैकर की सुविधा मौजूद है। बाइक के हिलने भर से ये सिस्टम अलर्ट भेज देते हैं। इसी तरह, GPS ट्रैकर की मदद से चोरी होने की स्थिति में बाइक की लोकेशन आसानी से ट्रैक की जा सकती है।

डुप्लीकेट चाबी

बाइक की दूसरी चाबी इग्निशन या सीट के नीचे रखने से बचें। चाबी खो जाने की स्थिति में तुरंत लॉक या इग्निशन सिस्टम बदलवाना बेहतर होता है, ताकि कोई गलत इस्तेमाल न कर सके।

बाइक के डॉक्यूमेंट्स

अपनी बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर कहीं सुरक्षित रूप से लिखकर रखें। इससे चोरी की शिकायत दर्ज करवाते समय पुलिस को जानकारी देने में आसानी होती है।

बीमा और शिकायत प्रक्रिया

अपनी बाइक का बीमा हमेशा एक्टिव रखें। चोरी होने की स्थिति में तुरंत पुलिस में FIR दर्ज करवाएं और बीमा कंपनी को सूचित करें। समय पर कार्रवाई से नुकसान कम किया जा सकता है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article