Bengaluru-Mysuru Expressway Bike Ban: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बाद केन्द्र सरकार नया एक्सप्रेसवे खोलने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानि रविवार, 12 मार्च को बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस 118 किमी लंबे एक्सप्रेसवे को 8,480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसकी मदद से 3 घंटे में होने वाला सफर अब सिर्फ 75 मिनट में हो जाएगा। पर यदि आपके पास कार की बजाय बाइक है तो ये एक्सप्रेसवे से आप निराश हो सकते हैं। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्याोंकि इस एक्सप्रेसवे पर दो और तीन पहिया वाहन पर बैन है।
बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे
टोल-फ्री सर्विस रोड का कर सकते हैं इस्तेमाल
हालांकि इसके पहले भी बने सभी एक्सप्रेसवे पर आप बाइक नहीं चला सकते हैं। एक्सप्रेसवे एक्सेस नियंत्रित हाइवे होते हैं, इसलिए दोपहिया या ऑटो को चलाने की अनुमति नहीं दी जाती है। जैसा कि यह एक छह-लेन का राजमार्ग है, जिसके दोनों ओर दो-लेन की सर्विस रोड हैं, बाइक या ऑटो मुख्य कैरिजवे के बजाय टोल-फ्री सर्विस रोड का उपयोग कर सकते हैं।
इस वजह से एक्सप्रेसवे पर बैन हैं बाइक्स
क्योंकि इन एक्सप्रेसवे पर वाहन की स्पीड बहुत अधिक होती है। सभी बाइक्स Harley Davidson, Ducati या अन्य तेज रफ्तार वाली बाइक्स नहीं होती हैं जिससे बाइक से एक्सीडेंट होने का खतरा बढ़ जाता है। जरा कल्पना कीजिए कि एक Splendor या CT-100 को एक्सप्रेस वे पर राइड किया जाए तो क्या होगा? हालांकि ये अपने सेगमेंट की बाइक्स में सबसे अच्छी बाइक हैं। लेकिन जब एक्सप्रेस वे की बात आती है तो ये स्पीड के मामले में पीछे छूट जाती हैं। ऐसे में ज्यादा इंजन कैपेसिटी वाले वाहनों को अनुमति मिलने पर बात शुरू हुई ताकि जुनूनी बाइकर्स लंबी दूरी की यात्रा करने के लिए अपनी सुपर और स्पीड बाइक का इस्तेमाल कर सकें। पर सरकार ने यह कहते हुए इसे टाल दिया था कि कई लोग लेन सिस्टम का ठीक से पालन नहीं करते हैं।
