Bajaj Chetak Electric Long Range: भारतीय मार्केट में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स का बोलबाला है और इलेक्ट्रिक स्कूटर्स का मार्केट इस समय बूम पर है. ओला से एथर और सिंपल एनर्जी तक, सभी बाजार में लंबी रेंज वाले अपने ई-स्कूटर्स ला रहे हैं. बजाज भारत में इलेक्ट्रिक वाहन मार्केट के सबसे पुराने खिलाड़ियों में शामिल है और कंपनी के चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर को जोरदार स्टाइल और डिजाइन पर तैयार किया गया है. अब कंपनी देश में लंबी रेंज वाला नया चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर लाने वाली है जो पहले से 18 किमी तक ज्यादा चलेगा.
बजाज भारत में इलेक्ट्रिक वाहन मार्केट के सबसे पुराने खिलाड़ियों में शामिल है
आरटीओ डॉक्यूमेंट हुआ लीक
आगामी बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर का एक आरटीओ डॉक्यूमेंट ऑनलाइन लीक हुआ है. इस दस्तावेज के हिसाब से ई-स्कूटर की पावरट्रेन पहले जितनी की ताकतवर होगी, लेकिन इसकी रेंज में इजाफा होने वाला है. दावा किया जा रहा है कि चेतक इलेक्ट्रिक का नया मॉडल 108 किमी तक रेंज देगा जो आंकड़ा मौजूदा स्कूटर में 90 किमी तक है. यहां कयास लगाए जा रहे हैं कि ई-स्कूटर के साथ पहले वाला 2.88 किलोवाट-आर लिथिमय-आयन बैटरी पैक मिलने वाला है.
कई बड़े बदलाव मिलना तय!
नई चेतक इलेक्ट्रिक के साथ मोटर भी पहले वाली ही मिलने की संभावना है. हालांकि लंबी रेंज के चलते ई-चेतक के बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम को अपग्रेड किया जा सकता है. इसे ही सबसे बड़े बदलावों में एक माना जा रहा है. नई बजाज चेतक इलेक्ट्रिक अब भी सिर्फ प्रीमियम वेरिएंट में उपलब्ध कराई जा सकती है और इसकी एक्सशोरूम कीमत करीब 1.5 लाख रुपये होने की संभावना है. जल्द ही भारत में इसे लॉन्च किया जा सकता है.
