ऑटो न्यूज़

देश में गाड़ियों की बिक्री टॉप गियर में, मारुति, टाटा और किआ ने बनाया नया रिकॉर्ड

Auto Sales India: मारुति, टाटा और अन्य कंपनियों ने मजबूत बिक्री दर्ज की है। SUV सेगमेंट की मांग ऑटो सेक्टर की ग्रोथ को आगे बढ़ा रही है।

Image

गाड़ियों की बिक्री

पेट्रोल-डीजल महंगा होने के बावजूद गाड़ियों की मांग बनी हुई है। मई महीने में कंपनियों ने रिकॉर्ड गाड़ियों की बिक्री की है। इस दौरान मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और किआ इंडिया ने रिकॉर्ड बिक्री हासिल की। मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को बताया कि उसकी मासिक बिक्री अब तक के सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गई, जबकि घरेलू बिक्री मई, 2026 में 1,93,535 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने में 1,38,690 इकाई थी। मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा कि हमने ’मिनी’ और ’कॉम्पैक्ट’ खंड में शानदार वृद्धि हासिल की। यात्री वाहनों में कुल 42 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की।

छोटी कारों (अल्टो और एस-प्रेसो) की बिक्री पिछले साल मई के 6,776 इकाइयों के मुकाबले बढ़कर 16,275 इकाई हो गई। कॉम्पैक्ट कारों (बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट और वैगनआर) की बिक्री मई, 2025 के 61,960 इकाइयों के मुकाबले बढ़कर 81,555 इकाई हो गई। कंपनी की कुल यात्री कार बिक्री मई में 1,90,337 इकाई रही जबकि पिछले साल इसी महीने यह (एसयूवी को छोड़कर) 1,35,962 इकाई थी।

टाटा मोटर्स की बिक्री 42 प्रतिशत बढ़ी

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की घरेलू बिक्री मई 42 प्रतिशत बढ़कर 59,090 इकाई रही जो पिछले साल 41,557 इकाई थी। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा ने घरेलू बाजार में 58,021 इकाई बेचीं, जो पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने मई, 2026 में घरेलू बिक्री में 9.1 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 47,837 वाहन बेचे।

किआ की गाड़ियों की जबरदस्त मांग

किआ इंडिया ने मई, 2026 में 23.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 27,586 इकाई की बिक्री दर्ज की जो कंपनी की अब तक की मई महीने की सबसे अधिक बिक्री है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की घरेलू बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर मई में 30,574 इकाई रही, जो पिछले साल 29,280 इकाई थी। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने मई, 2026 में 6,048 इकाई की बिक्री दर्ज की। हालांकि, कंपनी ने सालाना आधार पर तुलनात्मक आंकड़ा जारी नहीं किया।

Renault की बिक्री में 9वें महीने बढ़ी

Renault India ने मई 2026 में लगातार नौवें महीने थोक बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की। सितंबर 2025 से मई 2026 के बीच, Renault India ने कुल 38,225 यूनिट्स की थोक बिक्री की। यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 46% की जबरदस्त बढ़ोतरी को दिखाता है। VAHAN के डेटा के अनुसार, मई 2026 में, Renault भारत में यात्री वाहन बनाने वाली सिर्फ़ दो कंपनियों में से एक थी जिसने खुदरा बिक्री में सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज की।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article