ऑटो न्यूज़

Auto Sales : इकोनॉमी के अच्छे संकेत, गांव-शहर में जानें किन वाहनों की ज्यादा मांग

Auto Sales And Economy: कृषि और इंडस्ट्री क्षेत्र में उपयोग किए जाने वाले कमर्शियल वाहनों की मांग में भी इजाफा हुआ है, जो कि दिखाता है कि देश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं।

Image

वाहनों की बिक्री में तेजी

Photo : Times Now Digital

Auto Sales And Economy:भारतीय अर्थव्यवस्था के तेज गति से आगे बढ़ने के कारण ऑटो सेक्टर में तेजी बनी हुई है। इसके कारण दोपहिया, कारों और कमर्शियल वाहनों की बिक्री में इजाफा हो रहा है।ऑटो सेक्टर से जुड़े लोगों के मुताबिक, एसयूवी सेगमेंट में नए लॉन्च होने के कारण यात्री वाहनों की ब्रिकी बढ़ रही है। वहीं, ग्रामीण इलाकों की आय बढ़ने की वजह से दोपहिया वाहनों की ब्रिकी में इजाफा हुआ है।कृषि और इंडस्ट्री क्षेत्र में उपयोग किए जाने वाले कमर्शियल वाहनों की मांग में भी इजाफा हुआ है, जो कि दिखाता है कि देश में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं।

कंपनियों की कैसी रही बिक्री

देश की सबसे बड़ी कार विक्रेता कंपनी मारुति की भी जून 2024 में सालाना आधार पर बिक्री 3 प्रतिशत से बढ़कर 1,37,160 यूनिट्स हो गई है जो कि जून 2023 में 1,33,037 यूनिट्स थी। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 1.2 प्रतिशत बढ़कर 4,19,114 यूनिट्स हो गई है।

टाटा मोटर्स की कमर्शियल इकाई की ओर से जून 2024 में 15,224 (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर) वाहनों की ब्रिकी की गई। यह आंकड़ा जून 2023 में 14,770 पर था। वित्त वर्ष 25 की पहली तिमाही में कुल 41,974 वाहनों की ब्रिकी हुई है। यह वित्त वर्ष 24 में समान अवधि में 36,577 था।

यात्री वाहन कंपनी हुंडई की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। कैलेंडर वर्ष 2024 की पहली छमाही में कंपनी की ब्रिकी में सालाना आधार पर 5.68 प्रतिशत की बढ़त हुई है। घरेलू बिक्री का 66 प्रतिशत हिस्सा एसयूवी की बिक्री से आया है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा की ब्रिकी में जून में 23 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है। बीते महीने कंपनी ने घरेलू बाजार में 40,022 वाहनों की ब्रिकी की। निर्यात मिलाकर ये आंकड़ा 40,644 का था। कंपनी ने इस दौरान 20,594 कमर्शियल वाहनों की बिक्री की है।

इसके अलावा दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी इजाफा देखने को मिला है। बजाज ऑटो की घरेलू बाजार में जून में दोपहिया वाहनों की बिक्री 7 प्रतिशत बढ़कर 1,77,207 यूनिट्स रही है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 1,66,292 यूनिट्स थी।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर्स इंडिया की ब्रिकी जून में सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 5,18,799 यूनिट्स रही है।

टीवीएस मोटर्स की ओर से जून में 3,33,646 यूनिट्स की बिक्री की गई है। इसमें सालाना आधार पर 5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article