Car कब मिलती है सस्ती? क्या हर तिमाही के लिए अलग होते हैं रेट
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 27, 2026, 11:21 AM IST
कार खरीदारी का विचार बना रहे हैं तो साल की यह तिमाही आपके लिए सही समय हो सकता है। अक्सर किसी भी वर्ष की मार्च तिमाही कार खरीदारी के लिए आकर्षक मानी जाती है। 2026 की शुरुआत में ब्याज दरों में आई नरमी और डीलरशिप्स द्वारा दिए जा रहे आकर्षक ऑफर्स का लाभ आप भी ले सकते हैं।
कार खरीदने का सही समय (Photo : iStock)
अगर आप भी कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो यह जरूर सोच रहे होंगे कि क्या कार सस्ते में खरीदने के लिए यह एक सही तिमाही साबित होगी? अक्सर किसी भी वर्ष की यह तिमाही कार खरीदारी के लिए आकर्षक बन जाती है। 2026 की शुरुआत में ब्याज दरों में आई नरमी और डीलरशिप्स द्वारा दिए जा रहे आकर्षक ऑफर्स ने जनवरी से मार्च की तिमाही को काफी लुभावना बना दिया है।
कार लोन की ब्याज दर
पिछले कुछ वर्षों की तुलना में कार लोन की ब्याज दरों में गिरावट दर्ज की गई है। 2023–24 के उच्च महंगाई दौर के बाद अब हालात कुछ बेहतर हुए हैं। केंद्रीय बैंक आरबीआई द्वारा रेपो रेट में कटौती के बाद दिसंबर 2025 तक यह दर 5.25 प्रतिशत तक आ गई, जिसका असर सीधे बैंक लोन दरों पर पड़ा है। नतीजतन, कुछ सरकारी बैंक अब नई कारों पर 7.4 प्रतिशत से 7.55 प्रतिशत तक की शुरुआती ब्याज दरें ऑफर कर रहे हैं। वहीं, निजी बैंक और NBFCs अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले ग्राहकों को आमतौर पर 8.7 प्रतिशत से 9.85 प्रतिशत के बीच लोन दे रहे हैं।
महामारी का दौर
हालांकि, महामारी के दौर की बात करें तो 2020–21 में मांग बढ़ाने के लिए बैंकों और ऑटो कंपनियों ने 0% या 1–2% तक की फाइनेंसिंग स्कीमें पेश की थीं। उस दौर में अमेरिका जैसे बाजारों में टॉप ग्राहकों को 3 प्रतिशत से भी कम ब्याज पर कार लोन मिल रहा था। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे असाधारण ऑफर निकट भविष्य में लौटने की संभावना बहुत कम है।
कार खरीदारी का सही समय
इसके बावजूद, जनवरी से मार्च का समय कार खरीदने के लिए पारंपरिक रूप से फायदेमंद माना जाता है। डीलर वित्तीय वर्ष के अंत से पहले पुराने स्टॉक को निकालना और बिक्री लक्ष्य पूरा करना चाहते हैं। इसका फायदा ग्राहकों को कैश डिस्काउंट, फ्री इंश्योरेंस, एक्सटेंडेड वारंटी या एक्सेसरीज के रूप में मिलता है। जब ये लाभ कम ब्याज दरों के साथ जुड़ते हैं तो कुल लागत में अच्छी बचत हो सकती है।
क्या होनी चाहिए सही रणनीति
अगर आपकी आय स्थिर है क्रेडिट स्कोर 700 से ऊपर है और आप अच्छी डाउन पेमेंट कर सकते हैं तो यह तिमाही कार खरीदारी के लिए सही साबित हो सकती है। खासकर तब, जब डीलर से अच्छी छूट मिल रही हो। वित्तीय सलाहकार अब भी 20/4/10 नियम अपनाने की सलाह देते हैं। जिसका मतलब कम से कम 20 प्रतिशत डाउन पेमेंट, लोन अवधि चार साल से कम और कुल कार खर्च आपकी आय के 10 प्रतिशत के भीतर रखना है।