Another Ola EV Catches Fire: ओला स्कूटर की आग बुझने का नाम नहीं ले रही और अब एक और ऐसा ही मामना पुणे से सामने आया है। पिंपरी-चिंचवड़ में ओला स्कूटर ने अचानक आग पकड़ ली और इसके धू-धू कर जलने के कई वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। बीते करीब 2 साल में दर्जनों ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें चलते या खड़े इलेक्ट्रिक स्कूटर ने अचानक आग पकड़ ली। इस पर ओला इलेक्ट्रिक के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल ने सफाई दी है और आग लगने की संभावित वजह के बारे में भी बताया है।
क्या बोले भाविश अग्रवाल
ओला स्कूटर में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है, कुछ महीनों पहले कई सारे ऐसे मामले सामने आए थे। इनमें से कई घटनाएं ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के साथ भी हुई थीं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ओला इलेक्ट्रिक के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल ने ओला ईवी में आग लगने का ठीकरा आफ्टरमार्केट एक्सेसरीज और पुर्जों पर फोड़ा है। भाविश ने कहा कि इन्हीं आफ्टरमार्केट पुर्जों की वजह से ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।
28 अक्टूबर का मामला
ओला ईवी में आग लगने की ये घटना 28 अक्टूबर की है। ये इलेक्ट्रिक स्कूटर डीवाय पाटिल कॉलेट की पार्किंग में खड़ा था। वायरल वीडियो में नजर आता है कि पहले इससे बड़ी मात्रा में धुआं निकला और देखते ही देखने आग धधक उठी। आस-पास खड़े लोगों द्वारा आग बुझना लगभग असंभव सा हो गया जिसके बाद फायर ब्रिगेड आई और इस आग को बुझाया गया। ओला ने अपने ग्राहकों से जेनुइन एक्सेसरीज इस्तेमाल करने का आग्रह किया है।
