Car AC Cooling Tips: मार्च के महीने में गर्मी ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। आने वाले महीनों के साथ जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी कार का एसी ही ड्राइविंग को कंफर्टेबल बनाने में काम आने वाला है। वहीं, अगर कार का AC सही तरह से काम न करे तो सफर काफी मुश्किल हो सकता है। कई बार AC की कूलिंग कम होने की वजह छोटी-छोटी गलतियां या सही देखभाल की कमी होती है। कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपनी कार के AC को ज्यादा ठंडा और बेहतर तरीके से चला सकते हैं।
AC फिल्टर की सफाई
कार के AC में लगा एयर फिल्टर धूल और गंदगी को रोकने का काम करता है। अगर यह फिल्टर गंदा हो जाए तो हवा का फ्लो कम हो जाता है और कूलिंग भी घट जाती है। इसलिए समय-समय पर फिल्टर की सफाई या जरूरत पड़ने पर उसे बदलना जरूरी है।
कार की पार्किंग
अगर कार लंबे समय तक तेज धूप में खड़ी रहती है, तो अंदर का तापमान काफी बढ़ जाता है। ऐसे में AC को कार ठंडी करने में ज्यादा समय लगता है। इसलिए आप अपनी कार को छांव में पार्क करें या सनशेड का इस्तेमाल करें।
खिड़कियां खोलना
गर्मी में कार के अंदर फंसी गर्म हवा को बाहर निकालना जरूरी होता है। ड्राइव शुरू करते समय कुछ सेकंड के लिए खिड़कियां खोल देने से गर्म हवा बाहर निकल जाती है और AC जल्दी ठंडक देने लगता है।
सही तापमान और फैन स्पीड
AC को हमेशा सबसे कम तापमान पर चलाना जरूरी नहीं होता। बेहतर कूलिंग के लिए संतुलित तापमान और उचित फैन स्पीड का इस्तेमाल करें। इससे AC पर ज्यादा दबाव भी नहीं पड़ता।
AC की सर्विस
कार के AC सिस्टम में कंप्रेसर, गैस और कई दूसरे पार्ट्स होते हैं। अगर इनकी समय-समय पर जांच और सर्विस न हो तो कूलिंग कम हो सकती है। इसलिए गर्मी शुरू होने से पहले AC की सर्विस कराना फायदेमंद होता है।
AC गैस का स्तर
अगर कार का AC सही तरह से ठंडी हवा नहीं दे रहा है तो इसकी एक वजह गैस का कम होना भी हो सकता है। जरूरत पड़ने पर AC गैस भरवाने से कूलिंग बेहतर हो जाती है।
AC चालू करने का समय
कार स्टार्ट करने के तुरंत बाद AC चालू करने से इंजन और AC सिस्टम पर दबाव पड़ सकता है। बेहतर होगा कि पहले कुछ सेकंड इंजन को चलने दें और फिर AC चालू करें।
