भारतीय कार खरीदारों को अब केबिन के अंदर हाई-एंड फीचर्स की जरूरत महसूस होती है। कार चालकों को चाहिए कि उनकी कार में वेंटिलेट सीट, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कूल्ड ग्लवबॉक्स और सनरूफ जैसे शानदार फीचर्स मौजूद हों। जब कार में सनरूफ की बात आती है तो भारत भर में अधिकतर कार खरीदारों की चाहत होती है कि उनकी कार में सनरूफ की सुविधा मौजूद हो। अगर आप भी कार खरीदारी का विचार बना रहे हैं और कार में सनरूफ की सुविधा चाह रहे हैं तो ये जानकारी आपके लिए काम की साबित होगी। हम आपको पांच ऐसी एसयूवी के बारे में बताएंगे, जो कि वैल्यू फॉर मनी होने के साथ-साथ पैनोरमिक सनरूफ के साथ आती हैं।
कई बजट सेगमेंट की एसयूवी में भी पैनोरमिक सनरूफ की सुविधा मिलती है। (फोटो क्रेडिट- iStock)
टाटा नेक्सन (Tata Nexon)
इस लिस्ट में पहला नाम टाटा नेक्सन का आता है, जो कि भारत में बिकने वाली एक सबसे लोकप्रिय सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी है। इस एसयूवी के क्रिएटिव प्लस पीएस और फियरलेस प्लस पीएस ट्रिम्स पैनोरमिक सनरूफ के साथ आते हैं। कीमत की बात करें तो यह 11.25 लाख रुपए से लेकर 14.15 लाख रुपए के एक्स शोरूम प्राइस पर आती है।
महिंद्रा एक्सयूवी 3XO (Mahindra XUV 3XO)
महिंद्रा की यह कार सबसे पहली सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी थी, जिसे पैनोरमिक सनरूफ के साथ पेश किया गया था। इस एसयूवी का AX7 और AX7 लग्जरी ट्रिम 11.66 लाख रुपए से लेकर 14.40 लाख रुपए के एक्स शोरूम कीमत पर आता है।
किआ सिरोस (Kia Syros)
इस लिस्ट में एक अगली सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी का नाम किआ सिरोस है, जो कि पैनोरमिक सनरूफ के साथ आती है। यह भारतीय बाजारों में इस शानदार फीचर के साथ आने वाली एक किफायती कार भी है। कार में यह फीचर HTK+, HTX, HTX+ और HTX+ (O) ट्रिम्स के साथ आता है। पैनोरमिक सनरूफ वाले वर्जन की कीमत की बात करें तो सिरोस 10.74 लाख रुपए से लेकर 15.49 लाख रुपए तक की एक्स शोरूम कीमत पर आती है।
हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta)
पैनोरमिक सनरूफ के साथ आने वाली एसयूवी में हुंडई क्रेटा का भी नाम शामिल है। यह भारतीय बाजारों में बिकने वाली एक लोकप्रिय एसयूवी है। इस कार के EX (O), S (O), S (O) knight, SX, SX tech, SX premium, SX (O), किंग और किंग नाइट वेरिएंट के साथ बड़े सनरूफ की सुविधा मिलती है। कीमत की बात करें तो कार की एक्स शोरूम कीमत 12.52 लाख रुपए से 20.20 लाख रुपए तक जाती है।
मारुति सुजुकी विक्टोरिस (Maruti Suzuki Victoris)
इस लिस्ट में हाल ही में लॉन्च हुई मारुति सुजुकी विक्टोरिस का नाम भी शामिल है। इस कार के ZXi (O) और ZXi + (O) ट्रिम्स में पैनोरमिक सनरूफ की सुविधा मिलती है। कार के वेरिएंट 14.08 लाख रुपए से लेकर 19.99 लाख रुपए तक के एक्स शोरूम कीमत पर आते हैं।
