ऑटो न्यूज़

बाइक का माइलेज कैसे बढ़ाएं, इन पांच टिप्स को करें बस फॉलो

Bike Mileage Tips: रोजमर्रा के सफर में अगर बाइक का माइलेज कम मिलने लगे तो इसका सीधा असर जेब पर पड़ता है। लेकिन सही राइडिंग आदतों और थोड़े से मेंटेनेंस के साथ बाइक के माइलेज को काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है। कई बार छोटी-छोटी गलतियां ज्यादा ईंधन खर्च करवा देती हैं, जिन पर ध्यान देकर आप हर लीटर पेट्रोल से ज्यादा दूरी तय कर सकते हैं।

Bike Mileage Tips

बाइक का माइलेज कैसे बढ़ाएं (Photo : iStock)

Bike Mileage Tips: बाइक चलाने वाला हर राइडर चाहता है कि उसकी बाइक कम पेट्रोल में ज्यादा से ज्यादा चले। कई बार राइडर की ही कुछ छोटी-छोटी गलतियों की वजह से बाइक के माइलेज पर इसका असर दिखने लगता है। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान आदतें और सही मेंटेनेंस अपनाकर बाइक के माइलेज को काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है। इस आर्टिकल में आपको बाइक का माइलेज बढ़ाने के ही कुछ बढ़िया टिप्स बता रहे हैं, जो आपकी जेब का खास ख्याल रखने में काम आएंगे।

सही स्पीड और स्मूद राइडिंग

बाइक का माइलेज सीधे आपकी राइडिंग स्टाइल पर निर्भर करता है। तेज एक्सीलरेशन, बार-बार ब्रेक लगाना और हाई स्पीड पर बाइक चलाना पेट्रोल की खपत बढ़ा देता है। इसलिए हमेशा एक तय स्पीड पर स्मूद तरीके से बाइक चलाने की सलाह दी जाती है। आमतौर पर 40–60 किमी/घंटा की स्पीड पर बाइक बेहतर माइलेज देती है। इसके अलावा, ज्यादा माइलेज के लिए ट्रैफिक की स्थिति में भी बेवजह रेस देने से बचें।

टायर प्रेशर रखें सही

कम हवा वाले टायर इंजन पर ज्यादा दबाव डालते हैं, जिससे बाइक को आगे बढ़ाने में ज्यादा पेट्रोल खर्च होता है।

बाइक के अच्छे माइलेज के लिए हफ्ते में कम से कम एक बार टायर प्रेशर चेक करने और कंपनी द्वारा बताए गए PSI लेवल को बनाए रखने की सलाह दी जाती है। सही टायर प्रेशर से न केवल माइलेज बढ़ता है, बल्कि राइडिंग भी सुरक्षित होती है।

सर्विस और इंजन मेंटेनेंस

अगर इंजन सही से ट्यून नहीं है तो माइलेज अपने आप कम हो जाता है। ऐसे में समय पर सर्विस करवाने, एयर फिल्टर की सफाई और इंजन ऑयल बदलने की सलाह दी जाती है। गंदा एयर फिल्टर इंजन को सही मात्रा में हवा नहीं लेने देता, जिससे पेट्रोल ज्यादा जलता है। इस बात को गांठ बांध लें कि नियमित मेंटेनेंस से ही बाइक नई जैसी परफॉर्मेंस देगी।

सही गियर शिफ्टिंग का इस्तेमाल

गलत गियर में बाइक चलाने से भी माइलेज घटता है। लो गियर में हाई स्पीड या हाई गियर में बहुत कम स्पीड पर बाइक चलाने से इंजन पर जोर पड़ता है। कई राइडर्स समय पर गियर बदलने और इंजन की आवाज पर ध्यान नहीं देते, जिसका असर माइलेज पर दिखने लगता है। इस बात को समझें कि सही गियर शिफ्टिंग से पेट्रोल की बचत होती है।

वजन और एक्स्ट्रा एक्सेसरीज

बाइक पर जरूरत से ज्यादा सामान या भारी एक्सेसरीज लगाने से वजन बढ़ता है, जिससे माइलेज घटता है। बेवजह कैरियर पर भारी सामान ले जाने से बचें। साथ ही, बाइक को मोडिफाई न करें क्योंकि इससे एयरोडायनामिक्स प्रभावित होती है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article